ब्रेकिंग न्यूज़

नगर पालिका सभासद ने पालिकाध्यक्ष और ईओ को दिया पत्र, पत्र में दी अमरण अनशन की धमकी

रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। नगर पालिका परिषद के शेर का डांडा वार्ड में विकास कार्यों को लेकर असंतोष गहराता जा रहा है। वार्ड के सभासद अंकित चंद्रा ने पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी (ईओ) को पत्र भेजकर स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्य शुरू नहीं किए गए तो वह आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे।

सभासद ने अपने पत्र में कहा कि इस संबंध में वह पूर्व की बोर्ड बैठकों में भी कई बार मुद्दा उठा चुके हैं। उन्होंने बताया कि पालिका द्वारा प्रत्येक वार्ड में 5 लाख रुपये के विकास कार्यों का प्रस्ताव पहले ही पारित किया जा चुका है, लेकिन शेर का डांडा वार्ड, जो क्षेत्रफल की दृष्टि से सबसे बड़ा है, वहां अब तक कार्य नहीं हो पाए हैं।

उन्होंने वार्ड में सड़क, रेलिंग, सीढ़ी निर्माण, पथ प्रकाश व्यवस्था और विद्युत पोल लगाने जैसे कई जरूरी कार्यों की मांग की है। साथ ही बताया कि यह क्षेत्र जंगल से सटा होने के कारण यहां वन्य जीवों का खतरा भी बना रहता है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

अंकित चंद्रा ने कहा कि वार्ड में इन सभी कार्यों के लिए लगभग 20 लाख रुपये की आवश्यकता है और पथ प्रकाश के लिए करीब 20 विद्युत पोल लगाए जाने जरूरी हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पालिका की आय बढ़ाने के लिए टोल और पार्किंग की निविदाएं जारी की जा चुकी हैं, जिनसे 15 से 20 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है।

उन्होंने पालिका प्रशासन से एक माह के भीतर ठोस कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो वह आमरण अनशन पर बैठेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नंदा-सुनंदा महोत्सव में नैनीताल पुलिस की मानवीय पहल, 86 लोगों के चेहरों पर लौटाई मुस्कान

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.