हल्द्वानी। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत के हस्तक्षेप से किच्छा क्षेत्र में वर्षों से लंबित भूमि संबंधी प्रकरण का समाधान हो गया।
भूमि की रजिस्ट्री होने के बाद लाभार्थी महिला ने सोमवार को आयुक्त से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश निवासी श्रीमती गीता बैरागी ने वर्ष 2012 में सुनहरा कॉलोनी, किच्छा में श्री सकुन राय से 60 गज का एक भूखंड 95 हजार रुपये में खरीदा था। हालांकि, कई बार अनुरोध करने के बावजूद उनके नाम भूमि की रजिस्ट्री नहीं की गई। बाद में उन्हें बताया गया कि उक्त भूमि श्री सुनील ढाली के नाम पर दर्ज है। श्री सुनील ढाली ने रजिस्ट्री पर होने वाले खर्च से बचने के लिए दान रजिस्ट्री कराने का सुझाव दिया।
इस संबंध में श्रीमती गीता बैरागी ने अप्रैल 2026 में कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने प्रकरण तहसीलदार, किच्छा को भेजते हुए दोनों पक्षों को व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर प्रदान कर नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निर्देशों के अनुपालन में तहसीलदार, किच्छा द्वारा दोनों पक्षों की सुनवाई की गई। सुनवाई के बाद विक्रेता श्री सुनील ढाली ने भूमि की विधिवत रजिस्ट्री गीता बैरागी के नाम कर दी।
भूमि की रजिस्ट्री होने के बाद सोमवार को श्रीमती गीता बैरागी स्वयं कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत से मिलीं और समस्या के समाधान के लिए उनका धन्यवाद ज्ञापित किया।

