नैनीताल में रेंटल बाइकों पर प्रशासन की सख्ती, नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
नैनीताल। जिले में रेंटल बाइकों के बढ़ते दुरुपयोग और नियमों की अनदेखी को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया है कि रेंटल बाइकों के संचालन को लेकर उच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों और पर्यटकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि कुछ पर्यटक रेंटल बाइकों का उपयोग स्टंटबाजी के लिए कर रहे हैं, जिससे सड़क सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है। इसके अलावा कई स्थानों पर बाइकों को अव्यवस्थित ढंग से पार्क किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
प्रशासन के अनुसार कुछ रेंटल बाइक संचालक और पर्यटक उन क्षेत्रों में भी बाइक लेकर जा रहे हैं, जहां इनके संचालन की अनुमति नहीं है। इसे गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही हैं।
बीते दिनों जिले में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 70 से अधिक रेंटल बाइकों के चालान किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालान, वाहन सीज करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि पर्यटन गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए रेंटल बाइक संचालकों और पर्यटकों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने सभी रेंटल बाइक संचालकों से उच्च न्यायालय की गाइडलाइंस और परिवहन विभाग के नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि पर्यटकों की सुरक्षा के साथ-साथ जिले की यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।


