डीएसए ग्राउंड में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, महिलाओं, बच्चों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
नैनीताल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नैनीताल के डीएसए ग्राउंड स्थित बास्केटबॉल मैदान में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग द्वारा भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री Ajay Bhatt ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, वृक्षासन, वज्रासन, भुजंगासन, मकरासन, शलभासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं ध्यान सहित विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया।
मुख्य अतिथि अजय भट्ट ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। उन्होंने कहा कि योग का अर्थ खुशी है और यह व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बनाता है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से उन्होंने अपना वजन 90 किलोग्राम से घटाकर 70 किलोग्राम किया। उन्होंने कहा कि योग में वाणी संयम और सकारात्मक सोच का विशेष महत्व है तथा हंसना भी योग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर, रामा मोंटेसरी स्कूल, सीआरएसटी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष Deepa Dharamwal, विधायक Sarita Arya, दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, विमला अधिकारी, दिनेश आर्या, भाजपा मंडलाध्यक्ष नितिन कार्की, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, एसडीएम नवाजिश खालिक, एसपी जगदीश चंद्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन नवीन पांडे ने किया। योग दिवस के इस आयोजन में महिलाओं, बच्चों एवं युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिन्होंने नियमित योग कर स्वस्थ जीवन अपनाने का संकल्प लिया।


