ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी को कूड़े के पहाड़ों से मिलेगी निजात; गौलापार ट्रंचिंग ग्राउंड का 1.75 लाख मीट्रिक टन कचरा होगा साफ, फर्टिलाइजर कंपनी ने खाद बनाना किया शुरू

हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े नगर निगम हल्द्वानी को वर्षों पुरानी कूड़ा निस्तारण की समस्या से जल्द राहत मिलने वाली है। गौलापार स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में जमा लाखों मीट्रिक टन पुराने कचरे को हटाने के लिए नगर निगम ने वैज्ञानिक कार्ययोजना तैयार कर ली है। इसके तहत करीब 1.75 लाख मीट्रिक टन लेगेसी कचरे के निस्तारण पर 9 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कार्य के लिए कंपनी का चयन भी कर लिया गया है।

जनवरी में पुराना अनुबंध समाप्त होने के बाद ट्रंचिंग ग्राउंड पर लगा प्लांट बंद हो गया था, जिससे दोबारा कूड़े के ढेर लग गए। इसके कारण आसपास के लोगों और राहगीरों को दुर्गंध व प्रदूषण की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा था। अब नए लेगेसी प्लांट के जरिए पुराने कचरे का चरणबद्ध तरीके से पूरी तरह निस्तारण किया जाएगा।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि पुराने और नए कूड़े के प्रबंधन के लिए अलग-अलग टेंडर जारी किए गए हैं। शहर से प्रतिदिन निकलने वाले लगभग 220 मीट्रिक टन नए कचरे के निस्तारण के लिए भी अलग मशीन लगाई जा रही है, ताकि रोजाना निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से तत्काल निस्तारण हो सके।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से पहले जमा कचरे को हटाने के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार की गई है, जिस पर जल्द काम शुरू होगा। वहीं, कचरा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम ने कानपुर की एक फर्टिलाइजर कंपनी के साथ एमओयू किया है। इसके तहत शहर से निकलने वाले गीले कचरे को प्रोसेस कर कंपोस्ट खाद तैयार की जाएगी।

गौरतलब है कि गौलापार ट्रंचिंग ग्राउंड में हल्द्वानी नगर निगम के अलावा नैनीताल जिले के अन्य निकायों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का कचरा भी डंप किया जाता है। ऐसे में नए प्लांट के शुरू होने से पूरे क्षेत्र को गंदगी और बदबू से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें :  ब्रेकिंग न्यूज़ : कालाढूंगी के निगम डिपो में भीषण सड़क हादसा, दो कारों की टक्कर में एक युवक की मौत, 6 घायल, वीडियो....
error: Content is protected !!