लालपुर क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, स्थानीय लोगों और पुलिस ने ई-रिक्शा व ऑटो से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित सिटी बस सड़क किनारे पैदल चल रहे छह लोगों को टक्कर मारते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय बस चालक को अचानक दौरा या अन्य स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या आने की आशंका है, जिसके चलते वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस मुख्य मार्ग से उतरकर सड़क किनारे चल रहे राहगीरों को अपनी चपेट में ले गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हादसे के बाद स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। एम्बुलेंस के समय पर नहीं पहुंच पाने के कारण घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में दिक्कतें आईं। इस दौरान कई वाहन चालक मदद के लिए आगे नहीं आए, जिसके बाद पुलिस ने राह चलते वाहनों को रुकवाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। वहीं स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए ई-रिक्शा और ऑटो की मदद से घायलों को नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
दुर्घटना के चलते व्यस्त मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। घायल लोगों की स्थिति और हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।


