ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

मोबाइल फोन को लेकर पिता की डांट से नाराज 14 वर्षीय किशोरी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर की जीवनलीला समाप्त,परिवार और गांव में शोक की लहर

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। विकासखंड क्षेत्र के किमोली गांव में मोबाइल फोन को लेकर पिता की डांट से नाराज 14 वर्षीय किशोरी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, रमेश की 14 वर्षीय बेटी मीनाक्षी आठवीं कक्षा की छात्रा थी। गर्मी की छुट्टियों के चलते वह इन दिनों घर पर ही थी। परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से मीनाक्षी का अधिकांश समय मोबाइल फोन पर बीत रहा था। कई बार समझाने के बावजूद उसकी आदत में सुधार नहीं हुआ। सोमवार शाम इसी बात को लेकर परिवार ने उसे डांट-फटकार लगाई।
बताया जा रहा है कि डांट से नाराज होकर मीनाक्षी घर के दूसरे कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। जब दरवाजा खोला गया तो वह फंदे से लटकी मिली। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन डिमरी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोरी की मौत हो चुकी थी। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मीनाक्षी मोबाइल पर ऐसे वीडियो भी देखती थी, जिनके कारण उसका स्वभाव पहले की तुलना में अधिक चिड़चिड़ा और गुस्सैल हो गया था।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
यह घटना बच्चों और किशोरों में बढ़ती मोबाइल निर्भरता तथा मानसिक स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों और समाज के सामने गंभीर सवाल खड़े करती है। हालांकि, किसी एक कारण को आत्महत्या का निश्चित कारण मानना उचित नहीं है और मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : पॉलीटेक्निक चुंगी मार्ग के भू-धंसाव के स्थायी समाधान की मांग, नागरिक शिष्टमंडल ने आयुक्त दीपक रावत को सौंपा ज्ञापन
error: Content is protected !!