बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों से की बात, पीएमजीएसवाई फेज-4 के तहत सड़क विहीन गांवों को जोड़ने का भरोसा।
भीमताल। भीमताल विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को धारी ब्लॉक का दौरा कर भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। युवा मोर्चा भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनसमस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। इस पर मंत्री कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि जिन गांवों तक अभी सड़क नहीं पहुंची है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के फेज-4 में शामिल कर प्रस्ताव भारत सरकार को भेज दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही इन प्रस्तावों को स्वीकृति मिलेगी और सड़क निर्माण कार्य शुरू होगा।
उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में युवा मोर्चा पदाधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका आभार व्यक्त किया।़


