ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका, संवेदनशील स्थानों पर JCB तैनात करने के निर्देश, लोगों से अनावश्यक यात्रा न करने की अपील

नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 2 और 3 जुलाई के लिए नैनीताल जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसे देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारी बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी मुख्यालय पर मौजूद रहेंगे।

भूस्खलन और पेड़ों के गिरने से सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे JCB मशीनों और गैंग कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा जिला, परगना और विकासखंड स्तर पर आपदा प्रबंधन (IRS) प्रणाली के नामित अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने तथा तहसील स्तर पर गठित क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने तथा प्रत्येक घंटे आपदा संबंधी सूचना तहसील कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।

जिला प्रशासन ने आम जनता से 2 और 3 जुलाई के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में लोग जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 05942-231178, 231179, 231181, मोबाइल नंबर 8272080884 तथा टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें :  मुक्तेश्वर में बड़ा हादसा: पर्यटकों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, 2 की मौत 20 घायल; एनडीआरएफ-एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

You missed

error: Content is protected !!