देहरादून। उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार तक मानसून पूरे प्रदेश में फैल गया, जिसके चलते कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून समेत पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
देहरादून मौसम केंद्र के अनुसार, मानसून ने मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दस्तक दी थी और बुधवार तक यह पूरे राज्य में सक्रिय हो गया। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई।
बीते 24 घंटों के दौरान देहरादून में 56.0 मिमी, जौलीग्रांट में 52.5 मिमी, लक्सर में 49.0 मिमी, मसूरी में 43.0 मिमी, रुद्रप्रयाग में 32.5 मिमी, हल्द्वानी में 29.5 मिमी, पौड़ी में 28.5 मिमी, भीमताल में 25.0 मिमी, कीर्तिनगर में 23.5 मिमी और खानपुर में 23.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
लगातार बारिश के कारण प्रदेशभर में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम केंद्र के अनुसार, मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा।
देहरादून में बुधवार को अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है। वहीं पंतनगर में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।


