ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

“सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की जांच, 80 एक्स-रे, 114 आभा आईडी और 4 दिव्यांग प्रमाण पत्र भी बनाए गए

खनस्यु (भीमताल)। प्रदेश सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के अंतर्गत सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खनस्यु (टाइप-ए) में मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक विशेषज्ञ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना रहा।

शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, जांच और उपचार का लाभ उठाया।

शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान श्रीमती विमला देवी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गणेश धर्मशत् ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।

शिविर में नेत्र रोग, ईएनटी (नाक, कान एवं गला), हड्डी रोग, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा जनरल मेडिसिन के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ ही निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। पात्र दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र भी मौके पर बनाए गए।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर में कुल 207 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। इनमें 105 लोगों की ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर जांच, 122 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 11 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग, 35 लोगों की ओरल कैंसर स्क्रीनिंग, 107 लोगों की हीमोग्लोबिन एवं एलएफटी जांच, 79 लोगों की आरएफटी जांच, 80 एक्स-रे, 4 दिव्यांग प्रमाण पत्र तथा 114 लाभार्थियों की आभा आईडी बनाई गई। आवश्यकता अनुसार सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और नियमित स्वास्थ्य जांच कराकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।

शिविर के सफल संचालन में डॉ. कैलाश बृजवाल, डॉ. हिमांशु कांडपाल, डॉ. धीरेंद्र त्रिपाठी, डॉ. हिमांशु नेगी, डॉ. अवनीश दीवान, डॉ. तृप्ति अग्रवाल, एक्स-रे टेक्नीशियन संतोष द्विवेदी, चंदन डायग्नोस्टिक हल्द्वानी के लैब टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स भावना जीना, स्टाफ नर्स मोनिका, सीएचओ ममता, एसटीएस मनीष मेहरा, बीपीएम भुवन पपनै, बीसीएम प्रकाश पांडे, आईसीसी मैनेजर दीवान बिष्ट, एएनएम, आशा फैसिलिटेटर एवं आशा कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

शिविर की समस्त व्यवस्थाओं का सफल संचालन एवं समन्वय प्रभारी फार्मासिस्ट अधिकारी उमेश चंद्र ने किया।

उनके नेतृत्व में शिविर सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ और क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

यह भी पढ़ें :  श्रवण कुमार की मिसाल: 85 वर्षीय नानी को कांवड़ में बैठाकर 200 किमी पदयात्रा पर निकले दो भाई, सेवा और संस्कार का दिया संदेश

You missed

error: Content is protected !!