कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने किया सुरमानें बैंड से मल्ला गहना मोटर मार्ग पर डामरीकरण कार्य का शिलान्यास
रामगढ़। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रामगढ़ ब्लॉक में लंबे समय से जर्जर पड़े सुरुमाने बैंड से मल्ला गहना मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शिलान्यास कर किया। सड़क के खराब होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को वर्षों से आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग की थी। जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को सड़क का डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों का चरणबद्ध तरीके से डामरीकरण और सुधारीकरण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया तथा सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर उनका आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क के डामरीकरण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।


