रातभर पहरा देकर क्षेत्रवासियों ने बाइक से पेट्रोल चोरी करते युवक को पकड़ा, तीन साथी फरार; पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
नैनीताल। रिपोर्टर—गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। रिहायशी इलाकों में लंबे समय से सड़क किनारे खड़े वाहनों से पेट्रोल-डीजल चोरी की घटनाओं से परेशान स्थानीय लोगों ने आखिरकार सक्रियता दिखाते हुए एक संदिग्ध चोर को रंगेहाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार चोरी की घटनाएं सामने आने और सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवकों के दिखाई देने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाई।
बुधवार देर रात स्थानीय लोगों ने घात लगाकर निगरानी की और पेट्रोल चोरी करने पहुंचे युवकों को घेर लिया।
जानकारी के अनुसार, नैनीताल के स्नो व्यू और सात नंबर शेरवानी स्थित सीआरएसटी स्कूल के पीछे के मार्ग समेत आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से सड़क पर खड़े वाहनों को निशाना बनाया जा रहा था। वाहनों से पेट्रोल-डीजल के अलावा स्टेपनी, बैटरी और अन्य जरूरी सामान चोरी होने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। विशेष रूप से रात के समय सड़क किनारे खड़ी बाइक और स्कूटी से पेट्रोल निकालने की घटनाओं ने वाहन स्वामियों की परेशानी बढ़ा दी थी।
लगातार हो रही चोरी से परेशान स्थानीय लोगों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरा लगवाया। फुटेज की जांच करने पर तड़के सुबह दो युवकों को बाइक से वाहनों का पेट्रोल निकालते हुए देखा गया। इसके बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई थी।
क्षेत्रवासियों के मुताबिक, पेट्रोल चोरी की ऐसी घटनाएं मल्लीताल रिक्शा स्टैंड से जिला परिषद होते हुए मॉल रोड की ओर जाने वाले मार्ग में भी सामने आती रही हैं। लगातार नुकसान झेल रहे वाहन स्वामियों और स्थानीय निवासियों ने इस बार खुद निगरानी करने का निर्णय लिया।
बुधवार की रात क्षेत्रवासी संदिग्ध बाइक और वाहनों पर नजर रखने के लिए एकजुट होकर घात लगाकर बैठ गए। देर रात सीसीटीवी में संदिग्ध युवकों की गतिविधियां दिखाई देने के बाद लोगों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान चार युवकों में से एक को स्थानीय लोगों ने संघर्ष के बाद पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी मौके से भागने में सफल रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी युवक आर्मी लिखी बाइक संख्या UK-04-AL-4318 और एक स्कूटी से पहुंचे थे। तलाशी के दौरान उनके पास पांच-पांच लीटर की कई बोतलें और जरीकेन मिले, जिनमें पेट्रोल भरा हुआ था। इससे लोगों का संदेह और गहरा गया कि युवक पेट्रोल चोरी करने के इरादे से पहुंचे थे।

आरोपी के पकड़े जाने की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए मल्लीताल कोतवाली ले गई। वहीं, फरार हुए तीन अन्य युवकों की तलाश और उनकी भूमिका को लेकर भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
पीड़ित अर्जुन ने बताया कि उनकी बाइक से कई बार पेट्रोल चोरी किया जा चुका था। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही चोरी के कारण क्षेत्र के लोग काफी परेशान थे। कई रात तक जागकर निगरानी करने के बाद आखिरकार संदिग्धों को रंगेहाथ पकड़ने में सफलता मिली।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज और पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर पेट्रोल चोरी करने वाले पूरे गिरोह का पता लगाया जाए।
साथ ही रिहायशी क्षेत्रों में रात के समय गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई है, ताकि सड़क किनारे खड़े वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।




