ब्रेकिंग न्यूज़

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के पर्वतीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाली 245 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है। चुनाव प्रक्रिया में अधिकांश समितियों में आपसी सहमति और समन्वय देखने को मिला, जिसके चलते बड़ी संख्या में पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

निर्वाचन के आंकड़ों के अनुसार, कुल 245 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में से 238 समितियों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ, जबकि केवल सात समितियों में चुनाव के माध्यम से पदाधिकारियों का चयन किया गया। बड़ी संख्या में निर्विरोध निर्वाचन को दुग्ध समितियों में आपसी सहयोग, समन्वय और सहकारिता की मजबूत भावना का परिणाम माना जा रहा है।

मुकेश बोरा ने 12वीं बार दर्ज की निर्विरोध जीत

दुग्ध समितियों के चुनाव में नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ कायम रखी है। वह च्यूरीगाड़ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से लगातार 12वीं बार अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

बताया गया कि वर्ष 1996 से मुकेश बोरा लगातार समिति के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होते आ रहे हैं। उनकी लगातार 12वीं निर्विरोध जीत को दुग्ध उत्पादकों और समिति सदस्यों के बीच उनके लंबे समय से बने विश्वास और प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है।

गोविंद सिंह मेहता तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

वहीं नैनीताल दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने भी बिंदुखत्ता रावत नगर सेकेंड दुग्ध समिति से अध्यक्ष पद पर लगातार तीसरी बार निर्विरोध निर्वाचन हासिल किया। इससे समिति क्षेत्र में उनकी संगठनात्मक और सामाजिक पकड़ एक बार फिर मजबूत साबित हुई है।

इसके अलावा हल्द्वानी क्षेत्र की संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल भगवतपुर दुग्ध समिति से तथा संचालक मंडल सदस्य हेमा पड़ियाड वुडाधुरा दुग्ध समिति से अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुई हैं।

बिंदुखत्ता टूटी पुलिया से नवीन पपोला बने अध्यक्ष

बिंदुखत्ता क्षेत्र की टूटी पुलिया दुग्ध समिति से नवीन पपोला अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित समितियों में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के स्वागत और अभिनंदन का दौर शुरू हो गया है। समिति सदस्यों और दुग्ध उत्पादकों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा मालाएं पहनाकर नवनिर्वाचित अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और प्रबंध कमेटी के सदस्यों को शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

बोरिंग पट्टा में बड़ा उलटफेर, पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी हारे

दुग्ध समितियों के चुनाव में बोरिंग पट्टा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति का चुनाव सबसे अधिक चर्चा में रहा। यहां नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी को अध्यक्ष पद के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

उनके मुकाबले चुनाव मैदान में उतरे जगदीश पंत ने जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। पूर्व चेयरमैन की हार को समिति के चुनाव में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और संगठनात्मक उलटफेर के रूप में देखा जा रहा है।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को मिली शुभकामनाएं

निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा सहित संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, एफओ शांति कोरंगा, सहायक महिला डेरी गीता ओझा, मीना रौतेला, रश्मि धामी, सुरेश चंद्र, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, प्रभारी रमेश आर्या, विपिन तिवाड़ी, कमलेश कुमार, महेश पांडे, जेई दिनेश कुलौरा, विजय चौहान एवं विमल कुमार ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने अपेक्षा जताई कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रबंध कमेटी के सदस्य दुग्ध उत्पादकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए समितियों की मजबूती और दुग्ध व्यवसाय के विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करेंगे।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश कुनियाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न जनप्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादकों और समिति सदस्यों ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़ें :  शिक्षक दिवस पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मिला नैनीताल बैंक का प्रतिनिधिमंडल, शिक्षा और वित्तीय सशक्तिकरण पर हुई चर्चा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.