ब्रेकिंग न्यूज़

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल कैंपस में गणेश चतुर्थी का भव्य शुभारंभ

भीमताल। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के भीमताल कैंपस में गणेश चतुर्थी के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह का भक्तिमय, सांस्कृतिक और उल्लासपूर्ण वातावरण में भव्य शुभारंभ हुआ। कॉलेज ऑफ फार्मेसी द्वारा आयोजित इस विशेष समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भगवान गणेश का स्वागत किया।

समारोह की शुरुआत पर्यावरण-अनुकूल भगवान गणेश की प्रतिमा को आकर्षक और रंग-बिरंगी झांकी के साथ कैंपस में लाने से हुई। ढोल-नगाड़ों की गूंज और “गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया” के जयघोष से पूरा विश्वविद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

भीमताल कैंपस के निदेशक ने स्वयं भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ शोभायात्रा का नेतृत्व किया। विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक ढंग से सजाई गई झांकी को कैंपस के पोर्च क्षेत्र में विशेष रूप से बनाए गए सुंदर मंडप तक ले जाया गया। यहां वैदिक विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना की गई।

मूर्ति स्थापना के बाद पूजा-अर्चना का आयोजन किया गयाज शंखनाद, मंदिर की घंटियों की ध्वनि और भक्ति भजनों के बीच विश्वविद्यालय परिवार ने भगवान गणेश की आरती कर सभी के सुख, समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों द्वारा पहनी गई पारंपरिक पीले और लाल रंग की पोशाकों ने समारोह की भव्यता और आकर्षण को और बढ़ा दिया।

इस अवसर पर कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और विश्वविद्यालय परिवार को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए इस पर्व के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्ध परंपराओं को जीवंत कर दिया। गणेश वंदना से शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आकर्षक कुमाऊंनी एवं मराठी नृत्य प्रस्तुत किए। दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक झलक ने उपस्थित लोगों को विशेष रूप से आकर्षित किया और कार्यक्रम में भारत की सांस्कृतिक एकता और विविधता का सुंदर संदेश देखने को मिला।

विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भजनों ने पूरे वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। वहीं विश्वविद्यालय के म्यूजिक क्लब ‘स्वर तरंग’ की मनमोहक संगीत प्रस्तुति ने समारोह की रौनक को और बढ़ा दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

कार्यक्रम के अंत में भगवान गणेश का प्रसाद सभी उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों को वितरित किया गया। भक्ति, संगीत, संस्कृति और उल्लास से भरपूर माहौल के बीच गणेश चतुर्थी समारोह का पहला दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

विश्वविद्यालय परिसर में आगामी दिनों में भी गणेश चतुर्थी के तहत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तीन दिवसीय समारोह के समापन के बाद 16 सितंबर 2026 को भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

इस अवसर पर ग्राफिक एरा परिवार ने भगवान गणेश से प्रार्थना की कि समस्त विश्वविद्यालय समुदाय और समाज में सुख, शांति, समृद्धि एवं आपसी सौहार्द बना रहे और सभी के जीवन में मंगल एवं सकारात्मकता का संचार हो।

“वक्रतुण्ड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभः।

निर्विघ्नं कुरु मे देव शुभकार्येषु सर्वदा॥”

यह भी पढ़ें :  पुरानी पेंशन बहाली और TET की अनिवार्यता के विरोध में देहरादून में गरजे शिक्षक

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.