ब्रेकिंग न्यूज़

स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी का असमय जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति : मुख्यमंत्री धामी

मीडिया सेंटर हल्द्वानी में आयोजित शोक सभा को मुख्यमंत्री ने दूरभाष के माध्यम से किया संबोधित, व्यक्त की गहरी शोक संवेदना  

हल्द्वानी। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी रहे स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन पर सोमवार को मीडिया सेंटर हल्द्वानी में आयोजित श्रद्धांजलि एवं शोक सभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से जुड़कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत गिरिजा शंकर जोशी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका असमय इस दुनिया से चले जाना सरकार, प्रशासन, मीडिया जगत और उन सभी लोगों के लिए बड़ी क्षति है, जिन्होंने उनके साथ काम किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि गिरिजा शंकर जोशी को इस प्रकार श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जोशी एक ऐसे कर्मठ और समर्पित व्यक्ति थे, जो हर समय कार्य के लिए तत्पर रहते थे और निरंतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा, “ऐसा कभी सोचा भी नहीं था कि इस तरह श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी। गिरिजा शंकर जोशी जी हर समय खड़े रहने वाले और निरंतर काम करने वाले व्यक्ति थे। उनका इस तरह असमय चले जाना बेहद दुःखद है। मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत आहत हूं।”

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी का निधन हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। हालांकि वे आज हमारे बीच भौतिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन अपने कार्यों, व्यवहार, सरल स्वभाव और सेवाभाव के कारण उन्होंने जो पहचान बनाई है, वह हमेशा लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार इस दुःख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जोशी के नाम और उनके अच्छे कार्यों को आने वाले समय में भी स्मरणीय बनाए रखने के लिए सभी संबंधित लोगों से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्व. गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव

श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने दूरभाष के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष सामूहिक रूप से प्रस्ताव रखा कि हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नामकरण स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर किया जाए।

पत्रकारों के इस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी और उनकी स्मृतियों के साथ-साथ उनके द्वारा किए गए अच्छे कार्यों को आने वाले समय में भी यादगार बनाए रखने के लिए विचार-विमर्श किया जाएगा और सभी की सहमति से उचित निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

मीडिया सेंटर हल्द्वानी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा तथा सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि सभा में सभी उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में आज से भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबोधन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह; तीसरी बार सरकार बनाने का दावा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.