ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव को लेकर लगातार बढ़ रही अराजकता और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है।

निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नियमों के अनुसार छात्र संघ चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कॉलेज प्रशासन और छात्र प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि एमबीपीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों और कॉलेज के निर्धारित संविधान एवं नियमों के अनुसार ही कराए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी छात्र संगठन अथवा छात्र द्वारा नियमों का उल्लंघन करने, अराजकता फैलाने या चुनावी माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि छात्र संघ चुनाव को देखते हुए कॉलेज परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कॉलेज में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

उन्होंने बताया कि कॉलेज में प्रवेश करने वाले छात्रों की सघन जांच की जा रही है और केवल वैध आई कार्ड रखने वाले छात्रों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। इसके साथ ही बाहरी व्यक्तियों के कॉलेज परिसर और आसपास अनावश्यक रूप से आने-जाने पर भी रोक लगाई जा रही है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि बाहरी तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, क्योंकि चुनाव के दौरान अक्सर बाहरी लोगों के हस्तक्षेप से तनाव और विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना रहती है। ऐसे में कॉलेज परिसर के आसपास भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

एसपी सिटी ने छात्र प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करें और लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने साफ कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव में बाधा डालने वालों के साथ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

पुलिस और कॉलेज प्रशासन की इस सख्ती के बाद अब एमबीपीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत कर दी गई है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य कॉलेज में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में छात्र संघ चुनाव संपन्न कराना है।

यह भी पढ़ें :  तारीख पर तारीख से परेशान वादकारियों के लिए राहत: नैनीताल हाईकोर्ट में आज राष्ट्रीय लोक अदालत, चेक बाउंस से लेकर पारिवारिक विवादों तक होगा निस्तारण

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.