ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के वार्ड नंबर 37 मल्ला चौफुला क्षेत्र में वर्षों से बदहाल पड़े आंतरिक मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में महापौर को प्रार्थना पत्र देकर क्षतिग्रस्त कच्चे मार्ग को डामरीकरण के बजाय सीसी सड़क में परिवर्तित कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की गई है।

प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि पनी राम जी के घर से प्रिया रॉय के घर तक का आंतरिक मार्ग लंबे समय से अत्यंत क्षतिग्रस्त और जर्जर स्थिति में है। मार्ग की खराब हालत के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों की ओर से लगातार सड़क निर्माण की मांग उठाई जाती रही है।

प्रार्थिनी और उनके पुत्र हृदयेश कुमार द्वारा भी सड़क निर्माण को लेकर लंबे समय से प्रयास किए जाने की बात पत्र में कही गई है। क्षेत्रवासियों की मांग को देखते हुए पूर्व में नगर निगम महापौर के समक्ष सड़क निर्माण के लिए पत्र प्रस्तुत किया गया था। पत्र के अनुसार, महापौर स्तर से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग एडीबी और यूयूएसडीए को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सीसी सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए थे।

सड़क चौड़ीकरण को लेकर निर्माण कार्य प्रभावित करने का आरोप

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर मनोज गोस्वामी द्वारा सीसी सड़क निर्माण कार्य को रुकवाने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के मुद्दे को लेकर लोगों को एकत्रित कर निर्माण कार्य प्रभावित करने की शिकायत सामने आई है।

वहीं, पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ स्थानों पर जेसीबी के माध्यम से दीवारों और भवनों की बाउंड्री आदि को क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। प्रार्थिनी ने कहा कि यदि यह कार्रवाई संबंधित विभाग की विधिवत अनुमति और निर्धारित प्रक्रिया के बिना की गई है तो इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

स्थलीय निरीक्षण और तकनीकी सर्वे की मांग

प्रार्थना पत्र के माध्यम से महापौर से पूरे प्रकरण का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही संबंधित विभागों और क्षेत्रवासियों को विश्वास में लेकर सड़क की वास्तविक स्थिति का आकलन कराने तथा तकनीकी मानकों के आधार पर सड़क की आवश्यक चौड़ाई निर्धारित करने की मांग की गई है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर किसी भी प्रकार का विवाद न रहे, इसके लिए संबंधित विभागों की मौजूदगी में स्थल का तकनीकी निरीक्षण कराया जाना जरूरी है। इसके बाद निर्धारित मानकों के अनुरूप सीसी सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि लंबे समय से जर्जर मार्ग की समस्या का समाधान हो सके।

प्रार्थना पत्र में निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने की स्थिति में मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि नगर निगम और संबंधित विभाग मामले का संज्ञान लेकर जल्द सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हाईवे पर उतरा हाथियों का झुंड, विशालकाय हाथी से भिड़ी बोलेरो; कार छोड़कर भागा चालक

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.