भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना के बाद ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, बोले—स्वच्छ हल्द्वानी के लिए जनभागीदारी जरूरी
हल्द्वानी-काठगोदाम। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम कार्यालय में गुरुवार को भगवान श्री विश्वकर्मा महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना कर नगर निगम परिवार एवं समस्त शहरवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की गई। पूजा-अर्चना के उपरांत नगर निगम परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा अभियान
नगर निगम की ओर से ‘एकजुट प्रयास, प्रभावी बदलाव’ के संकल्प के साथ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत शहर में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों को गति देने तथा शहरवासियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।
अभियान के दौरान लोगों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों और आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों को साफ रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे नागरिकों की नियमित दिनचर्या और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना है।
भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री विश्वकर्मा महाराज की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि भगवान श्री विश्वकर्मा सृजन, निर्माण और कर्म के देवता के रूप में पूजित हैं। उनकी पूजा-अर्चना कर नगर निगम परिवार और समस्त शहरवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई।
उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जी की कृपा से सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और प्रगति का संचार हो तथा शहर विकास और निर्माण की दिशा में निरंतर आगे बढ़े।
महापौर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ
‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के शुभारंभ के अवसर पर महापौर ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर हल्द्वानी के निर्माण में जनभागीदारी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। नगर निगम अपने स्तर पर लगातार स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रहा है, लेकिन शहर को वास्तव में स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ‘एकजुट प्रयास, प्रभावी बदलाव’ के संकल्प के साथ नगर निगम द्वारा अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियों के साथ लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना मजबूत हो।
शहरवासियों से सहयोग की अपील
महापौर ने हल्द्वानी के नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, दुकान, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखें। कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि यदि शहर का प्रत्येक नागरिक अपने आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता को लेकर जिम्मेदारी निभाए तो सामूहिक प्रयासों के माध्यम से हल्द्वानी को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव लाया जा सकता है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर टोलिया, गणेश भट्ट, मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, चतर सिंह, पार्षद सचिन तिवारी, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, मदन फर्त्याल, राहत मसीह, सुनील चौधरी सहित भाजपा कार्यकर्ता, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










