नैनीताल। श्री नंदा देवी महोत्सव के 124वें वर्ष में जहां श्रद्धालु मां नंदा-सुनंदा के दर्शन और पूजा-अर्चना में जुटे हैं, वहीं महोत्सव की व्यवस्थाओं में स्वयंसेवकों और विभिन्न समितियों की सेवा भावना सामुदायिकता की मिसाल पेश कर रही है। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से सेवाकार्यों में जुटे हुए हैं।
महोत्सव में स्वयंसेवकों द्वारा प्रतिदिन भंडारे का प्रसाद वितरित किया जा रहा है। पंच आरती के बाद भी श्रद्धालुओं को प्रसाद उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, प्रवेश पादुका समिति की ओर से मंदिर परिसर में जूता व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जूता व्यवस्था में अध्यक्ष मनोज साह के साथ घनश्याम लाल साह, आंसू बोरा, मंजुल सनवाल, अशोक साह, राजेंद्र लाल साह, गणेश कांडपाल, मनोहर लाल साह, आनंद सिंह बिष्ट, गिरीश भट्ट और अरविंद सिंह पड़ियार सहित बड़ी संख्या में बच्चों ने भी सहयोग किया। स्वयंसेवकों की सक्रियता के चलते श्रद्धालुओं को अपने जूते-चप्पल रखने और वापस लेने में सुविधा मिल रही है।
प्रतिदिन प्रसाद वितरण में जुटे स्वयंसेवक
महोत्सव के दौरान प्रसाद वितरण की व्यवस्था में भी बड़ी संख्या में सेवाभावी लोग अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। मनमोहन, भूपेंद्र बिष्ट, अमित पांडे, भानु, प्रदीप, जीनू पांडे, प्रकाश, रोहित कुमार, शेर सिंह, सूरज, सुनील, करण गोपाल, रमेश पंत और सोनू बिष्ट सहित स्वयंसेवक प्रतिदिन श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर रहे हैं।
भंडारे में भोजन बनाने से लेकर वितरण तक संभाली जिम्मेदारी
महोत्सव के भंडारे में भी सेवाभाव का विशेष दृश्य देखने को मिल रहा है। दीपक शाह, राजेश शाह, संजय गुप्ता, विक्रम शाह, संजय कुमार, प्रेम सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह बिष्ट, रवि शाह, भगवान बिष्ट और विक्रम साह सहित सेवादार भोजन तैयार करने से लेकर श्रद्धालुओं को भोजन परोसने तक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
श्री राम सेवक सभा के बाल कलाकारों के स्थगिला दल की ओर से भी श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक भोजन कराने में सहयोग किया जा रहा है। बच्चों की सहभागिता महोत्सव में सेवा और संस्कार की भावना को और मजबूत कर रही है।
डोला व्यवस्था में भी सक्रिय रहे स्वयंसेवक
मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही और डोला व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में बिमल चौधरी, भीम सिंह कार्की, भुवन बिष्ट, मोहित लाल साह, हरीश राणा, एडवोकेट मनोज साह, रोहित कुंवर, कैलाश जोशी और राजेंद्र बजेठा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन स्वयंसेवकों द्वारा श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में आवागमन और दर्शन के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने भी संभाली व्यवस्थाएं
124वें नंदा देवी महोत्सव के सफल संचालन में प्रशासन और नगर निकाय की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। मेला अधिकारी एसडीएम नवाजिश खालिक के साथ एसपी डॉ. जगदीश चंद्र, आरडी मठपाल, सीओ अंजना नेगी, नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और ईओ रोहितास शर्मा सहित अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की निगरानी की।
विधायक सरिता आर्य भी महोत्सव की व्यवस्थाओं में सक्रिय रहीं। वहीं पंच आरती के आयोजन में भीम सिंह कार्की, हीरा रावत और बिमल चौधरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महोत्सव में प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ स्थानीय लोगों, स्वयंसेवकों, समितियों, बच्चों और श्रद्धालुओं की सामूहिक सहभागिता ने धार्मिक आयोजन को सेवा, सहयोग और सामुदायिक एकजुटता का स्वरूप प्रदान किया है। महोत्सव में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और स्वयंसेवक पूरी तत्परता से उनकी सुविधा में जुटे हुए हैं।





































