ब्रेकिंग न्यूज़
हल्द्वानी में जटिल हृदय रोगों के इलाज को मिल रहा विस्तार, चंदन हॉस्पिटल में 300 से अधिक कार्डियोथोरेसिक व वैस्कुलर प्रक्रियाएं पूरीछात्रसंघ चुनाव को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट—चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी, ड्रोन से नजर और सघन चेकिंग-फ्रिस्किंग, SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, पुलिस बल को किया ब्रीफ व कराया फ्लैग मार्च, चेतावनी- चुनाव की आड़ में हुड़दंग, धमकी या अराजकता की कोशिश की तो कार्यवाही तयबैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल टली, ग्राहकों को बड़ी राहतभीषण सड़क हादसा: ई-रिक्शा को कार ने मारी टक्कर, महिला-बच्चों समेत 13 घायल, तीन की मौतउत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: चारधाम यात्रा स्थगित, 136 पर्वतारोही फंसे, दो की मौत

नैनीताल में छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, राजपत्रित अधिकारियों ने पुलिस बल को किया ब्रीफ

SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, कॉलेज परिसर में किया फ्लैग मार्च

SSP NAINITAL की दो टूक हिदायत—चुनाव की आड़ में छात्रों को डराने-धमकाने, बाहरी/अराजक तत्वों के हस्तक्षेप या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया तो होगी तत्काल कार्रवाई 

SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कॉलेज पहुंचकर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, पुलिस बल को किया ब्रीफ और कराया फ्लैग मार्च

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में होने वाले छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत कर लिया है। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अराजकता, बाहरी तत्वों के हस्तक्षेप, छात्रों को डराने-धमकाने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के प्रयासों को लेकर पुलिस को विशेष रूप से सतर्क किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के दिशा-निर्देशन में निर्वाचन ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी/हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने संयुक्त रूप से ब्रीफ किया। इस दौरान पुलिस बल को निर्वाचन की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरी निष्पक्षता, सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।

SSP ने खुद संभाली सुरक्षा व्यवस्था की कमान

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं एमबीपीजी कॉलेज पहुंचे और कॉलेज परिसर तथा आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात राजपत्रित अधिकारियों और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इसकी आड़ में किसी भी प्रकार की हिंसा, धमकी, दबाव, हुड़दंग या अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कोई आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति अथवा बाहरी/अराजक तत्व चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने, छात्रों को डराने-धमकाने, दबाव बनाने या विवाद उत्पन्न करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।

लिंगदोह नियमों का पालन कराने के निर्देश

पुलिस अधिकारियों को छात्रसंघ चुनाव के दौरान लिंगदोह कमेटी के निर्धारित मानकों और निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। प्रवेश द्वार, बैरियर, मुख्य चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी चेकिंग एवं फ्रिस्किंग के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही ड्रोन के माध्यम से निगरानी, मोबाइल पुलिस टीमों की लगातार गश्त और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जीरो जोन में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखने के साथ ही अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

मतगणना केंद्र पर विशेष सतर्कता बरतने, कॉलेज परिसर और आसपास आपराधिक एवं अराजक प्रवृत्ति के लोगों पर नजर रखने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर

चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर भी पुलिस सतर्क रहेगी। अधिकारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगरानी रखने तथा अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एमबीपीजी कॉलेज और आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में 6 राजपत्रित अधिकारी, 9 इंस्पेक्टर, 10 एसओ/एसएसआई, 37 प्रभारी/ऑपरेशन/एसआई, 16 एलएसआई, 30 अतिरिक्त एसआई, 33 हेड कांस्टेबल, 3 महिला हेड कांस्टेबल, 77 कांस्टेबल और 34 महिला कांस्टेबल शामिल हैं।

इसके अलावा एक एंटी-रायट टीम, एक टीयर गैस टीम, दो फायर यूनिट तथा आईआरबी/पीएसी की एक कंपनी (डेढ़ सेक्शन) भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात की गई है।

चुनाव से पहले पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

पुलिस ब्रीफिंग के बाद नैनीताल पुलिस ने एमबीपीजी कॉलेज और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के जरिए छात्र-छात्राओं और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। वहीं असामाजिक और अराजक तत्वों को भी स्पष्ट संदेश दिया गया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी प्रयास से पुलिस सख्ती से निपटेगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक पुलिस बल अलर्ट मोड में रहेगा और कॉलेज परिसर से लेकर आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाएगी।

फ्लैग मार्च और ब्रीफिंग के दौरान एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी/हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नैनीताल गौरव किरार समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं निर्वाचन ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  ग्राम प्रधानों की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन, सीडीओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.