ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल। आशा फाउंडेशन की ओर से शनिवार को स्तन कैंसर और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर सातवीं पिंक रैली का आयोजन किया गया। रैली में स्कूली विद्यार्थियों, पर्यटकों, नगर के गणमान्य नागरिकों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पिंक परिधानों में सजे लोगों की मौजूदगी से मालरोड समेत पूरा नैनीताल शहर गुलाबी रंग में नजर आया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करना और बीमारी के शुरुआती लक्षणों की समय पर पहचान के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायाधीश आलोक मेहरा रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि विधायक सरिता आर्या, आईजी निवेदिता कुकरेती, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, रुद्रपुर पार्क मेडिमीटी हॉस्पिटल के वाईएस भाकुनी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल, बीडी पांडे अस्पताल के पीएमएस, एसएसपी तथा एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सुबह करीब आठ बजे मल्लीताल डीएसए मैदान से पिंक रैली को फ्लैग ऑफ किया गया। रैली मालरोड होते हुए इंडिया होटल तक पहुंची और वहां से वापस मल्लीताल डीएसए मैदान पहुंची। रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ पर्यटक और नगर के नागरिक भी पिंक रंग के परिधानों में शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता का संदेश दिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

रैली के बाद डीएसए मैदान में स्वास्थ्य जागरूकता समारोह आयोजित किया गया। इसमें स्वास्थ्य विशेषज्ञों और अधिकारियों ने लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी में समय पर जांच और शुरुआती स्तर पर पहचान बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने के लिए प्रेरित किया गया।

आशा फाउंडेशन की संस्थापक आशा शर्मा ने बताया कि फाउंडेशन वर्ष 2019 से पिंक रैली और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से उत्तराखंड में महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समय पर जांच के जरिए बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान संभव है, जिससे उपचार की संभावनाएं बेहतर हो सकती हैं। उन्होंने सभी लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रो. ललित तिवारी, हेमंत बिष्ट, मीनाक्षी कीर्ति और दीपक कुमार भोलू ने संचालन किया। इस अवसर पर नीलू अल्हैंस, मारुति साह, ईशा साह, प्रो. अजय रावत, बीसी त्रिपाठी, डॉ. अरुण मिश्रा, अनिल शर्मा, डॉ. द्रौपदी, डॉ. गंगोला समेत अनेक लोग मौजूद रहे। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ डीएसबी के केपी हॉस्टल के छात्र भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

आशा फाउंडेशन के सातवें संस्करण की पिंक रैली में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने स्वास्थ्य और विशेष रूप से स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को बढ़ाना और महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग बनाना है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में धूमधाम से मनाया गया 09 महार रेजिमेंट का 64वां स्थापना दिवस, पूर्व सैनिकों ने शहीदों और वीर जवानों को किया नमन

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.