एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने किया नवनिर्माणाधीन थाना बेतालघाट का निरीक्षण, सुरक्षा और जन-सुविधाओं पर दिए जरूरी निर्देश
एसएसपी नैनीताल ने नवनिर्माणाधीन थाना बेतालघाट के भवन का हस्तांतरण से पूर्व किया स्थलीय निरीक्षण
थाना परिसर में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे, कक्षों में नेम प्लेट, बैरकों में एग्जॉस्ट फैन और सुरक्षा के लिए फेंसिंग के निर्देश
बेतालघाट। नवनिर्माणाधीन थाना बेतालघाट भवन के हस्तांतरण से पूर्व बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने थाना भवन एवं परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्थाओं, पुलिस कर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा आमजन की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना भवन के विभिन्न कक्षों, पुलिस कर्मियों के लिए बनाए गए बैरकों तथा पूरे परिसर में स्थापित सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को भवन के हस्तांतरण से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
थाना परिसर में बढ़ाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
एसएसपी ने थाना भवन एवं परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर अतिरिक्त कैमरों की आवश्यकता महसूस की गई।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को ऐसे स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक संख्या में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। इसके साथ ही थाना भवन के प्रत्येक कक्ष के बाहर संबंधित कक्ष के नाम की नेम प्लेट लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बाउंड्री पर कंटीले तारों की फेंसिंग के निर्देश
थाना परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसएसपी ने चारों ओर की बाउंड्री वॉल पर कंटीले तारों की फेंसिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ अनधिकृत प्रवेश की संभावना को भी कम किया जाना जरूरी है।
इसके अलावा परिसर को हरा-भरा और सुरक्षित बनाए रखने के साथ भूमि कटाव की समस्या से बचाव के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने थाना परिसर में प्रत्येक करीब 8 फीट की दूरी पर बांस के पौधे लगाने के लिए थानाध्यक्ष को निर्देशित किया।
महिला और पुरुष बैरकों में एग्जॉस्ट फैन लगाने के निर्देश
पुलिस जवानों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एसएसपी ने महिला एवं पुरुष बैरकों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बैरकों में हवा के उचित निकास के लिए तत्काल एग्जॉस्ट फैन लगाने के निर्देश दिए। साथ ही बैरकों और अन्य आवश्यक स्थानों पर सुरक्षा के लिए कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
निर्माण कार्य की एसएसपी ने की सराहना
निरीक्षण के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने नवनिर्मित थाना भवन में किए गए निर्माण कार्य की भी सराहना की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को शेष आवश्यक व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने और भवन को पुलिस कर्मियों तथा आमजन की सुविधा के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि थाना भवन केवल पुलिसकर्मियों के कार्यस्थल के रूप में नहीं, बल्कि आमजन की शिकायतों और समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। इसलिए भवन में सुरक्षा के साथ-साथ जन-सुविधाओं और पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, सीओ भवाली विनय सिंह, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, थानाध्यक्ष बेतालघाट विजय नेगी, सहायक अभियंता जयांक पांडे, प्रधान लिपिक हिमांशु पंत, भवन लिपिक दीपा मिराल, पीआरओ हेमा ऐठानी, ठेकेदार रविंद्र सिंह सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

