बबिता पांडे और अभिषेक चौहान की तरह रहस्य बनता जा रहा अर्नव का मामला, बेटे की राह देख रहे परिजन; लापता लोगों का राष्ट्रीय स्तर पर डेटाबेस तैयार करने की उठी मांग

रिपोर्टर: गुड़डू सिंह ठठोला

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के चाइना पीक क्षेत्र से लापता हुए छात्र अर्नव का 11 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। छात्र की तलाश में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीमें लगातार चाइना पीक के दुर्गम जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। इसके बावजूद अब तक न तो अर्नव का कोई पता चला है और न ही उसकी मौजूदगी से जुड़ा कोई ठोस साक्ष्य मिल पाया है। दिन बीतने के साथ ही परिजनों की चिंता और बेचैनी बढ़ती जा रही है। परिवार की निगाहें हर पल इस उम्मीद में टिकी हैं कि उनका बेटा सुरक्षित वापस लौट आए।

चाइना पीक का जंगल बेहद दुर्गम और चुनौतीपूर्ण माना जाता है। यहां घने जंगल, ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्ते और कई दिशाओं में निकलने वाले रास्ते तलाशी अभियान को मुश्किल बना रहे हैं। बचाव दल अलग-अलग क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। जंगल के चप्पे-चप्पे को खंगालने के बावजूद अर्नव का कोई सुराग नहीं मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।

पहाड़ में लगातार लोगों के लापता होने से बढ़ी चिंता

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और जंगलों में घूमने के दौरान लोगों के लापता होने की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं। दायरा बुग्याल क्षेत्र से लापता हुई रामनगर निवासी बबिता पांडे, बागेश्वर से लापता सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक चौहान और अब नैनीताल के चाइना पीक से छात्र अर्नव के लापता होने के मामलों ने लोगों को चिंता में डाल दिया है।

बताया जा रहा है कि बबिता पांडे पिछले छह महीने से लापता हैं, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। वहीं, सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक चौहान का मामला भी अब तक अनसुलझा है। ऐसे में अर्नव के 11 दिनों से लापता रहने के बाद यह मामला भी लगातार रहस्य गहराता जा रहा है। लोगों के मन में सवाल है कि तमाम खोजबीन और आधुनिक संसाधनों के इस्तेमाल के बावजूद आखिर लापता लोगों तक पहुंचने में सफलता क्यों नहीं मिल पा रही है।

लापता लोगों का देशव्यापी अभियान चलाने की मांग

इस बीच नैना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने मामले को गंभीर बताते हुए लापता लोगों की तलाश के लिए देशव्यापी अभियान चलाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि अर्नव की तस्वीर और पूरी जानकारी केंद्रीय स्तर पर तैयार किए जाने वाले मिसिंग पर्सन डेटाबेस में दर्ज कराई जानी चाहिए, ताकि उसकी जानकारी देशभर में प्रसारित हो सके। संभव है कि किसी दूसरे शहर या राज्य से कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल जाए।

उन्होंने कहा कि परिवार लंबे समय से मानसिक पीड़ा से गुजर रहा है। परिजनों को केवल अपने बेटे की सुरक्षित वापसी की उम्मीद ही नहीं, बल्कि इस मामले की सच्चाई जानने का भी अधिकार है। जो भी वास्तविक स्थिति है, वह परिवार के सामने आनी चाहिए। यह मामला केवल एक गुमशुदगी बनकर रह न जाए, बल्कि इसका कोई ठोस निष्कर्ष निकलना बेहद जरूरी है।

परिवार को जवाब मिलने तक जारी रहनी चाहिए कोशिशें

अर्नव की तलाश में जुटी एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और वन विभाग की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और जंगलों के विस्तृत क्षेत्र के कारण तलाशी अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। वहीं, अर्नव के परिजन हर गुजरते दिन के साथ उम्मीद और आशंका के बीच जीने को मजबूर हैं।

बबिता पांडे और अभिषेक चौहान की गुमशुदगी के मामलों के बीच अब अर्नव का मामला भी लोगों के लिए चिंता और रहस्य का विषय बन गया है।

जरूरत इस बात की है कि तलाशी अभियान के साथ-साथ लापता लोगों की जानकारी साझा करने के लिए व्यापक समन्वय स्थापित किया जाए, जिससे किसी भी संभावित सुराग को नजरअंदाज न किया जा सके।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर चाइना पीक के जंगलों में 11 दिनों से लापता अर्नव कहां है? परिजनों और स्थानीय लोगों को अब भी उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले में कोई महत्वपूर्ण सुराग मिलेगा।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 15 नवंबर 2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.