अग्निवीर भर्ती को रामपुर रोड पर दौड़ का अभ्यास करते समय कार ने  छात्र को मारी टक्कर

अल्मोड़ा निवासी चंदन सिंह ने इसी वर्ष लिया था एमबीपीजी कॉलेज में एडमिशन

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित एक होटल के पास सोमवार सुबह अग्निवीर भर्ती के लिए दौड़ का अभ्यास कर रहे बीए के छात्र को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।

साथ के युवक जब तक छात्र को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक 18 वर्षीय चंदन सिंह रौतेला पुत्र स्व. बहादुर सिंह रौतेला अल्मोड़ा जिले की भनोली तहसील के नौगांव का मूल निवासी था।

पुलिस के अनुसार, चंदन का इसी वर्ष एमबीपीजी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष में एडमिशन हुआ था। वह यहां देवलचौड़ में अपने दोस्त विकास रौतेला के साथ किराए के कमरे में रहता था और एक सप्ताह पहले ही गांव से यहां आया था। पढ़ाई के साथ ही वह सेना की अग्निवीर भर्ती की तैयारी भी कर रहा था।

चंदन के पिता का कुछ साल पहले निधन हो चुका है। परिवार में मां, तीन बहनें और एक बड़ा भाई है। परिजनों ने बताया कि चंदन का बड़ा भाई लखनऊ में निजी कंपनी में नौकरी करता है।

चंदन सोमवार सुबह जब दौड़ का अभ्यास करता हुआ रामपुर रोड पर पहुंचा तो रुद्रपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। उसके साथ के युवक जब तक उसे लेकर एसटीएच पहुंचे, चंदन की मौत हो चुकी थी।

मृतक के भाई ने कार चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत भाग गया हालांकि आसपास के सीसीटीवी फुटेज से गाड़ी का नंबर ट्रेस हो गया है।

टीपीनगर पुलिस चौकी प्रभारी दीपक बिष्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कुमाऊं में चरस तस्करी का भंडाफोड़: दो ग्राम प्रधान और एक पूर्व प्रधान समेत पांच गिरफ्तार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.