पिथौरागढ़। शेयर मार्केट में पैसा लगाकर मोटी कमाई का झांसा देकर जिले के लोगों से 15.86 करोड़ की ठगी करने वाले शातिर जगदीश पुनेठा को दुबई से गिरफ्तार कर लिया गया है।

चार वर्ष से फरार चल रहे ठग को लेकर इंटरपोल ने रेड कार्नर नोटिस जारी किया था। गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को उसे पिथौरागढ़ लाया गया।। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। चर्चा है कि यह मामला 100 करोड़ से अधिक की ठगी का हो सकता है।

नगर के नजदीकी सिलपाटा गांव के रहने वाले जगदीश पुनेठा ने वर्ष 2020से पहले निर्मल बंग कमोडिटी, रायल पैंथर प्राइवेट लिमिटेड, मातृछाया आभूषण प्राइवेट लिमिटेड जैसी कई कंपनियां खोली। जिले के लोगों को इन कंपनियाें में पैसा लगाकर मोटी कमाई का झांसा दिया। सैकड़ों लोगों ने इन कंपनियों में अपना पैसा लगाया। शुरूआत में लोगों को कुछ रिर्टन भी दिया गया।

वर्ष 2020 के बाद लोगों को रिर्टन मिलने बंद हो गये। इसके बाद लोगों को जालसाजी का पता लगा। ठगी का शिकार हुए लीलाधर पाटनी ने पहली रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने जगदीश पुनेठा, उसके भाई ललित पुनेठा और साथी पंकज शर्मा निवासी झारखंड के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने ललित पुनेठा और पंकज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। जगदीश पुनेठा फरार हो गया। दूसरी रिपोर्ट सुंदर सिंह बोनाल की ओर से दर्ज कराई गई।

जगदीश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए मामले की जांच सीबीसीआईडी को सौंपी गई। आरोपी पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम भी घोषित किया। गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसकी संपत्ति भी कुर्क कर दी।

डीजीपी खुद कर रहे थे मॉनिटरिंग

पिथौरागढ़: करोड़ों की धोखाधड़ी के इस मामले की डीजीपी दीपम सेठ, आई जी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल लगातार मानिटरिंग कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक की सतत निगरानी में तकनीकी और मैनुअल इनपुट जुटाकर जगदीश पुनेठा के दुबई में होने का पता लगा।

पूरे मामले की जानकारी केंद्रीय स्तर पर दी गई। सीबीआई के माध्यम से इंटरपोल के जरिये जगदीश के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी कराया गया। इंटरपोल ने जगदीश को दुबई से दबोच लिया।

इंटरपोल ने दुबई गई सुरक्षा मिशन टीम में शामिल अपर पुलिस अधीक्षक सीबीसीआईडी मनोज कुमार ठाकुर, पिथौरागढ़ कोतवाली के प्रभारी ललित मोहन जोशी, एएनटीएफ के निरीक्षक सतीश कुमार शर्मा को जगदीश को सौंपा। यह टीम 13 नवंबर को जगदीश को भारत लाई। शुक्रवार को पिथौरागढ़ में उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

 शातिर ठग जगदीश पुनेठा के खिलाफ चार मुकदमे पिथौरागढ़ कोतवाली और जाजरदेवल थाने में दर्ज हैं। उस पर धारा 420, 504, 120-बी, तीन यूपीआईडी एक्ट, धारा 406, गैंगस्टर एक्ट लगाई गई है। कोतवाल ललित मोहन जोशी ने कहा है कि यह उत्तराखंड की अब तक की सबसे बड़ी आर्थिक अपराध कार्रवाई है।

100 करोड़ से अधिक का खेल होने की आशंका

पिथौरागढ़: ठगी का यह मामला पुलिस द्वारा बताये गये 15.86 करोड़ से कहीं अधिक का होने की आशंका है।पुलिस की छानबीन में ठगी का शिकार हुए कुछ ही लोग आगे आये। जिस आधार पर ठगी का आंकलन किया गया है।

बड़ी संख्या में लोग अपने साथ हुई ठगी की जानकारी देने के लिए आगे नहीं आये हैं। चर्चा है कि यह मामला 100 करोड़ से अधिक की ठगी का हो सकता है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल में डांडिया नाइट की धूम, बच्चों से लेकर बड़ों तक थिरके कदम; 1000 से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण, वीडियो....

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.