100 यूनिट तक बिजली खर्च पर मिलेगी 50 फीसदी सब्सिडी, धामी का एलान; 11.50 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिन पर राज्य के निर्धन विद्युत उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी। अब 100 यूनिट तक विद्युत खर्च करने वाले उपभोक्ताओं को 50 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में यह मानक 200 यूनिट तक रहेगा। एक किलोवाट तक विद्युत भार वाले उपभोक्ता इस सुविधा के पात्र होंगे। प्रदेश के लगभग 11.50 लाख उपभोक्ता इस योजना से लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने जन्मदिन पर मुख्य सेवक सदन में हुए कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने ऊर्जा निगम की गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र में केंद्रपोषित आरडीएसएस योजना के अंतर्गत 16 लाख स्मार्ट मीटर की स्थापना के कार्य को शुरु किया।

एडीबी सहायतित उत्तराखंड क्लाइमेट रेजिलिएंट पावर सिस्टम डेवेलपमेंट प्रोजेक्ट के अंतर्गत देहरादून शहर के प्रमुख मार्गों की विद्युत लाइन को भूमिगत करने के कार्यों को हरी झंडी दिखाई। इसमें लगभग 977 करोड़ की राशि खर्च होगी।

मुख्यमंत्री ने पिटकुल की एडीबी. वित्तपोषित पांच परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें 220 केवी जीआइएस सब स्टेशन सेलाकुई एवं संबंधित लाइन के निर्माण कार्य, 132 केवी जीआइएस सब स्टेशन आराघर एवं संबंधित लाइन के निर्माण कार्य, 132 केवी जीआइएस सब स्टेशन लोहाघाट एवं संबंधित लाइन के निर्माण कार्य हैं।

इसमें 132 केवी जीआइएस सब स्टेशन धौलाखेड़ा एवं संबंधित लाइन के निर्माण कार्य और 132 केवी जीआइएस सब स्टेशन खटीमा द्वितीय और संबंधित लाइन के निर्माण कार्य सम्मिलित हैं।

उन्होंने हरिद्वार जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत निर्मित लक्ष्मी आवास योजना शिकारपुर, रुड़की के 101 लाभार्थियों को कब्जा पत्र और चाबी सौंपी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश के सतत विकास के लिए सरकार हर क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। जिन विद्युत परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, इनसे विद्युत आपूर्ति और वितरण में और सुधार होगा। उद्योगों को बढ़ावा मिलने से रोजगार में भी वृद्धि होगी।

राज्य की आर्थिकी मजबूत होगी। स्मार्ट मीटर से ऊर्जा आपूर्ति प्रणाली सुदृढ़ होगी और आमजन की बिलिंग संबंधी समस्याएं दूर होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में विकास पथ पर निरंतर आगे बढ़ रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी - वैज्ञानिक से IPS अधिकारी तक का सफर, डॉ. जगदीश चंद्र के कन्धों पर CM धामी और DGP ने सजाए सितारे
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.