ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। उत्तराखंड की धामी सरकार ने अपराध और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पछुवा देहरादून के खुशहालपुर क्षेत्र में बुलडोजर अभियान चलाया।

प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आधा दर्जन से अधिक ऐसे मकानों को ध्वस्त कर दिया, जिनके मालिकों पर गौहत्या, ड्रग्स तस्करी, गुंडा एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं। प्रशासन के अनुसार, इन लोगों ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया हुआ था।

जिला अधिकारी आशीष चौहान के निर्देश पर एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक और पुलिस टीम ने खुशहालपुर क्षेत्र में कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

पहले नोटिस, दस्तावेजों की जांच के बाद हुई कार्रवाई

प्रशासन के अनुसार, जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उनकी संपत्तियों और भूमि संबंधी दस्तावेजों की पहले से जांच-पड़ताल की गई थी। इसके बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए। जांच में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण से जुड़े मामले सामने आने के बाद प्रशासन ने विधि सम्मत कार्रवाई शुरू की।

प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले कई लोग आपराधिक प्रवृत्ति के बताए गए हैं और इनमें से कुछ बाहरी राज्यों से आकर क्षेत्र में बसे थे। संबंधित लोगों के खिलाफ गौहत्या, ड्रग्स तस्करी और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

एसएसपी बोले—सभी के खिलाफ दर्ज हैं कई गंभीर मुकदमे

एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, वे सभी हिस्ट्रीशीटर और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताए गए हैं। उनके अनुसार, संबंधित लोगों के खिलाफ गौहत्या, ड्रग्स तस्करी, गुंडा एक्ट और सरकारी भूमि पर कब्जे सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

एसएसपी ने कहा कि प्रशासनिक कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों के आपराधिक रिकॉर्ड और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई और उसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

आमिर समेत कई आरोपियों की संपत्तियों पर चला बुलडोजर

जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुशहालपुर क्षेत्र में सक्रिय बताए गए गौ तस्कर आमिर के खिलाफ 21 गंभीर मामले दर्ज बताए गए हैं। प्रशासन ने उसके मकान को ध्वस्त करते हुए सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाकर जमीन को अपने कब्जे में ले लिया।

इसी प्रकार प्रशासन ने अन्य आरोपियों की संपत्तियों पर भी कार्रवाई की। प्रशासन के अनुसार मेहराज के खिलाफ 8, सलमान के खिलाफ 21, दिलशाद मिर्ची के खिलाफ 8, मोहसिन के खिलाफ 15, फैजान के खिलाफ 19 तथा कौसर के खिलाफ ड्रग्स से संबंधित 2 मामले दर्ज बताए गए हैं।

इन सभी मामलों में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण होने का हवाला देते हुए बुलडोजर कार्रवाई की और भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू की।

मुख्यमंत्री धामी बोले—अपराधियों की कुंडली खंगालने पर सामने आए कारनामे

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार को ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि बाहरी राज्यों से आए कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग सरकारी जमीनों पर कब्जा कर गौहत्या और ड्रग्स तस्करी जैसी गतिविधियों में संलिप्त हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ऐसे लोगों की पृष्ठभूमि और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की गई तो उनके खिलाफ कई गंभीर मामले सामने आए। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा कानून और नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

खुशहालपुर में हुई यह कार्रवाई धामी सरकार के अपराधियों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त रुख के रूप में देखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कानून के दायरे में इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 4 सितंबर 2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.