ब्रेकिंग न्यूज़

केवीएम स्कूल में भीषण आग, फायर और पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा; दो बसें और जनरेटर जले

हल्द्वानी। हीरा नगर स्थित केवीएम स्कूल परिसर में मंगलवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि फायर एवं पुलिस विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया और आग को समय रहते काबू में कर लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार 23 जून 2026 को शाम 7:02 बजे फायर स्टेशन हल्द्वानी को डायल-112 और सीसीआर के माध्यम से स्कूल में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से एक फायर टेंडर और अग्निशमन दल मात्र एक मिनट के भीतर घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया।

मौके पर पहुंचने के बाद आग की गंभीरता को देखते हुए फायर स्टेशन से दो अतिरिक्त फायर टेंडर भी भेजे गए। अग्निशमन कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और उसे आसपास के भवनों, अन्य वाहनों तथा निकटवर्ती संपत्तियों तक फैलने से रोक दिया।

प्राथमिक जांच में पता चला कि स्कूल के पार्किंग क्षेत्र में खड़ी दो बसें आग की चपेट में आ गई थीं। इसके अलावा भूतल पर स्थापित एक जनरेटर सेट भी आग से प्रभावित हुआ।

प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण आसपास चल रहा वेल्डिंग कार्य माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फायर विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फायर एवं पुलिस विभाग की मुस्तैदी के चलते आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़े नुकसान और संभावित हादसे को टालने में सफलता मिली।

यह भी पढ़ें :  सार्वजनिक स्थान पर अराजकता फैलाने वालों पर हल्द्वानी पुलिस का शिकंजा, 6 गिरफ्तार
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.