ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। भुजियाघाट स्थित गधेरे में शनिवार दोपहर दोस्तों के साथ पार्टी करने पहुंचे 17 वर्षीय किशोर के अचानक आए तेज पानी के बहाव में बह जाने से हड़कंप मच गया।

हादसे के बाद काठगोदाम पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से भुजियाघाट से लेकर काठगोदाम स्थित गौला बैराज तक व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका। हादसे के बाद किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार रामपुर रोड टीपीनगर निवासी अशोक टम्टा का 17 वर्षीय पुत्र आदित्य टम्टा शनिवार दोपहर अपने छह अन्य दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ घर से पार्टी करने के लिए निकला था। सभी लोग भुजियाघाट स्थित एक गधेरे के पास पहुंचे। पार्टी करने के बाद सभी युवक गधेरे में नहाने के लिए उतर गए।

अचानक बढ़ गया पानी का बहाव

कोतवाली काठगोदाम प्रभारी जसवीर सिंह चौहान के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे सभी युवक गधेरे में नहा रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्र से अचानक पानी का बहाव तेजी से बढ़ने लगा। उस समय आदित्य गधेरे के बीच में था, जबकि उसके कुछ साथी किनारे पर खड़े थे।

पानी का जलस्तर तेजी से बढ़ता देखकर किनारे खड़े साथियों ने आदित्य को आवाज लगाकर बाहर आने के लिए कहा। अचानक बढ़े पानी और तेज बहाव को देखकर आदित्य घबरा गया। बाहर निकलने के लिए उसने जैसे ही छलांग लगाई, इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह उफनते गधेरे में जा गिरा।

देखते ही देखते तेज बहाव आदित्य को अपने साथ बहाकर ले गया। दोस्तों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

भुजियाघाट से गौला बैराज तक चला सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलने के बाद काठगोदाम पुलिस और दमकल विभाग की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से गधेरे और उससे जुड़े नदी-नालों में तलाश शुरू की।

रेस्क्यू टीम ने भुजियाघाट से लेकर काठगोदाम स्थित गौला बैराज तक नदी-नालों के मुहानों और संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। देर शाम तक अभियान जारी रहा, लेकिन किशोर का पता नहीं चल पाया।

प्रशासन की चेतावनी के बावजूद नदी-नालों में पहुंच रहे लोग

इस घटना ने एक बार फिर बरसात के दौरान नदी, गधेरे और नालों के आसपास जाने को लेकर प्रशासन की चेतावनियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश के मौसम में पहाड़ों में अचानक बारिश होने से गधेरों और नदियों का जलस्तर कुछ ही मिनटों में तेजी से बढ़ जाता है। ऐसे में शांत दिखाई देने वाले गधेरे भी अचानक जानलेवा रूप ले सकते हैं।

प्रशासन और पुलिस लगातार लोगों से अपील करते रहे हैं कि बारिश के दौरान नदी-नालों और गधेरों में न जाएं तथा तेज बहाव वाले पानी में उतरने से पूरी तरह बचें। इसके बावजूद लोग पिकनिक और पार्टी के लिए ऐसे संवेदनशील स्थानों पर पहुंच रहे हैं।

आदित्य के बहने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन देर शाम तक उसके मिलने की उम्मीद में घटनास्थल और रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए रहे। पुलिस और रेस्क्यू टीम की ओर से किशोर की तलाश जारी रखी गई।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में कुदरत का रौद्र रूप: मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल, नदियां उफान पर; नैनीताल समेत कई जिलों में रेड-ऑरेंज अलर्ट और स्कूल बंद
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.