ब्रेकिंग न्यूज़

वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान, अन्य अराजक तत्वों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के अंतिम दौर के दौरान दो गुटों के बीच मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

घटना में राधे गुप्ता नामक छात्र के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना का संज्ञान लेते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में किसी भी प्रकार की मारपीट, दबंगई अथवा अराजकता करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

SSP के निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।

उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटिया पड़ाव ने उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मारपीट की घटना में शामिल युवकों की पहचान की।

पुलिस के अनुसार चिन्हित दो युवकों के खिलाफ धारा 172 BNSS के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार युवकों की पहचान अनिकेत चरण पुत्र डेविड चरण निवासी राजपुरा और दीपक बोरा पुत्र हरक सिंह बोरा निवासी तिकोनिया कैनाल रोड, थाना हल्द्वानी, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है।

दो गुटों के बीच मारपीट का आरोप

प्रारंभिक पुलिस जांच में दोनों गिरफ्तार युवकों को सचिव पद के प्रत्याशी भविष्य रावत के समर्थक बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोप है कि दिन के समय इन युवकों की ओर से सचिव पद के दूसरे प्रत्याशी सार्थक रस्तोगी के समर्थकों के साथ मारपीट की गई थी। घटना के दौरान राधे गुप्ता नामक छात्र के चोटिल होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फुटेज में सामने आने वाले अन्य अराजक तत्वों को भी चिन्हित किया जा रहा है, जिनके खिलाफ गिरफ्तारी समेत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

छात्रसंघ चुनाव के दौरान कॉलेज परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस पहले से ही सतर्क रही।

मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनाव परिणाम अथवा चुनावी गतिविधियों की आड़ में किसी भी प्रकार की हिंसा और अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी: मेहता गांव में एक सप्ताह बाद बहाल हुई पेयजल आपूर्ति, ट्यूबवेल ठीक होने से ग्रामीणों को राहत
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.