ब्रेकिंग न्यूज़

पुलिस कप्तान मंजुनाथ की चेतावनी- सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और धमकी देने वालों के लिए नैनीताल पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति, दोषियों पर होगी कड़ी कार्यवाही

धर्म के नाम पर नफरत फैलाने और जान से मारने की धमकी देने वाला महाराष्ट्र का आरोपी हल्द्वानी पुलिस के हत्थे चढ़ा

हल्द्वानी। धर्म के नाम पर नफरत फैलाने, फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट कहा है कि धार्मिक भावनाएं भड़काकर समाज में वैमनस्य फैलाने और धमकी देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को गौजाजाली बिचली, पुरानी आईटीआई हल्द्वानी निवासी कमल जोशी ने थाना हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया था कि एक अज्ञात व्यक्ति उनके मोबाइल नंबर पर फोन कर गाली-गलौज कर रहा है, जान से मारने की धमकी दे रहा है और धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले शब्दों का इस्तेमाल कर रहा है। तहरीर के आधार पर थाना हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 189/2026 के तहत धारा 351(3), 351(4) और 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, टेक्निकल और मैन्युअल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में आरोपी के महाराष्ट्र का रहने वाला होना सामने आया। पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए आरोपी का पीछा किया और उसकी पहचान ट्रक चालक के रूप में की। विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 196, 299 और 302 बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई।

पुलिस ने 23 जून 2026 को आरोपी रहीम गुल खान उर्फ वसीम खान पुत्र नजर खान, निवासी हिवारा लोहिला, थाना वासिम ग्रामीण, जिला वासिम, महाराष्ट्र, उम्र 35 वर्ष, को पंतनगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त Xiaomi 11 Lite NE मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार, चौकी प्रभारी मंडी, तथा कांस्टेबल अरुण राणा शामिल रहे।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि राजनीतिक अथवा किसी अन्य विवाद को धर्म से जोड़कर समाज में वैमनस्य फैलाने, धमकी देने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

यह भी पढ़ें :  ऑरेंज अलर्ट के चलते नैनीताल में 31 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, डीएम ने जारी किए आदेश

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.