मनोज कुमार कत्याल का 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर तबादला, हरबन्स सिंह संभालेंगे अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी की जिम्मेदारी; कई जिलों के एएसपी बदले
नैनीताल/देहरादून। उत्तराखंड पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। शासन स्तर से जारी तबादला सूची के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं पुलिस इकाइयों में अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। इस फेरबदल का असर नैनीताल जिले पर भी पड़ा है। नैनीताल को नया अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मिला है। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
तबादला सूची के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी के पद से हटाकर उपसेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह का तबादला करते हुए उन्हें अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, नैनीताल नियुक्त किया गया है। उनके सामने हल्द्वानी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को प्रभावी बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक नैनीताल अमित कुमार का भी तबादला किया गया है। उन्हें अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी की जिम्मेदारी दी गई है। नैनीताल जिले में अपर पुलिस अधीक्षक स्तर पर हुए इस बदलाव को पुलिस प्रशासन में महत्वपूर्ण फेरबदल माना जा रहा है।
इन अधिकारियों के भी हुए तबादले
तबादला सूची के मुताबिक प्रमोद कुमार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून से अपर पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर भेजा गया है। इसी तरह स्वतंत्र कुमार सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून से अपर पुलिस अधीक्षक देहात-2 देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।
उत्तम सिंह नेगी को अपर पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर से हटाकर अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून नियुक्त किया गया है। वहीं शेखर चंद्र सुयाल को अपर पुलिस अधीक्षक देहात हरिद्वार से अपर पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून बनाया गया है।
अनुषा बडोला को अपर पुलिस अधीक्षक एटीसी हरिद्वार से स्थानांतरित कर अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात ऊधमसिंहनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा राजेश कुमार भट्ट, जो पुलिस अधीक्षक सतर्कता, माननीय उच्च न्यायालय उत्तराखंड, नैनीताल के पद पर तैनात थे, को अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। वहीं मिथिलेश कुमार सिंह को 31वीं वाहिनी पीएसी के उपसेनानायक पद से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक सतर्कता, माननीय उच्च न्यायालय उत्तराखंड, नैनीताल की जिम्मेदारी दी गई है।
हरिद्वार में भी बदले गए अधिकारी

तबादला सूची में हरिद्वार जिले के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। अभय सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक हरिद्वार से अपर पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ग्रामीण नियुक्त किया गया है। वहीं दीपक सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी से स्थानांतरित कर अपर पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस महकमे में हुए इस व्यापक फेरबदल के बाद अधिकारियों के नई तैनाती स्थल पर कार्यभार संभालने के साथ ही संबंधित जिलों में पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाओं में बदलाव देखने को मिलेगा।
विशेष रूप से हल्द्वानी जैसे महत्वपूर्ण शहर में नए अपर पुलिस अधीक्षक की तैनाती को कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।




