ब्रेकिंग न्यूज़

“गुरुजनों के सम्मान में सजा सेंट जेवियर्स स्कूल, नाटकों और नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन”

नैनीताल। नैनीताल के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर्स स्कूल में गुरु-शिष्य की भारतीय परंपरा को जीवंत रखते हुए शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और समर्पण की भावना से जोड़ना रहा। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सभी शिक्षकों के सम्मान एवं स्वागत के साथ हुई। छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों का फूलों से स्वागत कर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों का सदैव सम्मान करने तथा उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने की शपथ भी ली।

शिक्षक दिवस समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों पर आधारित नाटकों के मंचन ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने गुरु के जीवन में महत्व, उनके मार्गदर्शन तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

वहीं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए मनमोहक नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सुंदर नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें प्रेम स्वरूप उपहार भी भेंट किए।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य नयीम अली खान ने सभी शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षक के महत्व से परिचित कराते हुए कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने का कार्य नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें सही दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों का सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

समारोह में विद्यालय की उप प्रधानाचार्य लता तिवारी सहित सीमा ढैला, सुनीता जोशी, राठौड़ जी, नीतू जढौत, दीपा बर्गली, खीमराज देउपा, गोपाल सर, तलहा सिद्धी, दीपक जोशी, नेहा, छाया, फरराना, मीनाक्षी, शैला, प्रियंका, सौरभ, दीपक साह, हरीश सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद जलपान के साथ शिक्षक दिवस समारोह का समापन किया गया।

यह भी पढ़ें :  पिछले 48 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश से भीमताल नगर का जनजीवन अस्त-व्यस्त

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.