ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रामनगर की ग्रामीण सड़कों की बदहाली पर भड़के स्थानीय लोग और होटल कारोबारी, बोले— क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

रामनगर। क्षेत्र की बदहाल सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता राहुल सिंह दरम्वाल और उनकी टीम ने लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया तथा अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि रामनगर क्षेत्र की अधिकांश ग्रामीण सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने बताया कि छोई मार्ग, क्यारी गांव को जोड़ने वाली सड़क, पाटकोट मार्ग, तेलीपुरा, जस्सागांजा समेत कई सड़कें लंबे समय से जर्जर स्थिति में हैं, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन सड़कों पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिनमें स्थानीय ग्रामीण और राहगीर घायल हो रहे हैं। बावजूद इसके विभाग केवल कागजी खानापूर्ति कर रहा है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।

राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि कई सड़कों के प्रस्ताव पिछले छह महीने से लेकर डेढ़ वर्ष पहले तक रामनगर से हल्द्वानी और देहरादून भेजे जा चुके हैं, लेकिन फाइलें विभागीय दफ्तरों में धूल फांक रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस अधिकारी की टेबल पर ये फाइलें अटकी हुई हैं और जनता के प्रति उनकी जवाबदेही क्यों तय नहीं की जा रही।

उन्होंने कहा कि यदि किसी सड़क का प्रस्ताव पास होने के बाद भी छह महीने, एक साल या उससे अधिक समय तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तो यह अधिकारियों की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्या विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।

वहीं जिम कॉर्बेट जीएम एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी खराब सड़कों को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जर्जर सड़कों के कारण जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से छोई और क्यारी गांव की सड़कें बेहद खराब हैं, जिससे पर्यटक निराश होकर लौट रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान करन बिष्ट, सौरभ छिमवाल, रवि तिवारी, अध्यक्ष राजीव शाह, उपाध्यक्ष सुन्दर सिंह बिष्ट, सचिव किरण सागर, राजेश पंत, प्रकाश पाठक, देवी सिंह, बबीता मेहरा, एन.डी. पालीवाल, लक्ष्मण रावत, दीप छाबड़ा, मनीष, पुष्पेंद्र, महिपाल, सुधीर सहित कई स्थानीय लोग और होटल कारोबारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  भीमताल : ओखलकांडा में ओलावृष्टि का कहर: सब्जी-फल की फसलें तबाह, राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने की मुआवजा की मांग
error: Content is protected !!