ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। ऊंचा पुल चौराहे पर प्रशासनिक लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

हाल ही में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक भवन को तो ध्वस्त कर दिया गया, लेकिन इसके बाद सड़क को समतल किए बिना ही छोड़ दिया गया।

परिणामस्वरूप दो सड़कों के बीच बने तीव्र मोड़ पर ऊंच-नीच बनी हुई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

 इसी असमतल सड़क के कारण एक वाहन हादसे का शिकार हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

वाहन चालक के अनुसार, सड़क पर ऊंचाई और गड्ढे स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दिए, जिसके चलते यह हादसा हुआ। उस समय वाहन में चालक अकेला था, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने अतिक्रमण तो हटा दिया, लेकिन इसके बाद जरूरी सुधार कार्यों को अधूरा छोड़ दिया।

चौराहे पर अभी भी बड़े गड्ढे मौजूद हैं, नालियां आंशिक रूप से खुली हुई हैं और सड़क का समतलीकरण नहीं किया गया है।

इसके अलावा, सड़क के बीचों-बीच खड़े बिजली के खंभे भी खतरे का कारण बने हुए हैं, जिन्हें अब तक नहीं हटाया गया है।

ऊंचा पुल चौराहे पर जाम की समस्या भी जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यही स्थिति कुसुमखेड़ा चौराहे की भी है, जहां सड़क चौड़ीकरण के बावजूद बिजली के खंभे अभी तक नहीं हटाए गए हैं। इससे वहां भी किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क का समतलीकरण कराया जाए, गड्ढों को भरा जाए, खुले नालों को ढका जाए और सड़क के बीच खड़े बिजली के खंभों को हटाया जाए।

उनका कहना है कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड के विकास को मिली रफ्तार: धामी सरकार ने 1967 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी, जीआईएस ड्रेनेज सिस्टम से जलभराव और बाढ़ पर लगेगी लगाम
error: Content is protected !!