ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल में मां नैना देवी मंदिर के समीप न्यू पालिका मार्केट सवेरे तमांग मोमोज की दुकान पर लगी भीषण आग

फायर टीम ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, दुकान में सो रहे 5-6 कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान, लाखों का नुकसान

रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। शहर में शुक्रवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मां नैना देवी मंदिर के समीप स्थित न्यू पालिका मार्केट में भीषण आग लग गई। आग सबसे पहले प्रसिद्ध तमांग मोमोज की दुकान में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक गैस सिलेंडर के फटने से आग और अधिक भड़क गई, जिससे पूरे बाजार में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच तमांग मोमोज की दुकान से धुआं और आग की लपटें उठनी शुरू हुईं। दुकान में मोमो, चाउमीन, थुकपा, सूप समेत अन्य चाइनीज व्यंजन बनाए जाते थे। आग तेजी से फैलते हुए दुकान में रखे गैस सिलेंडर तक पहुंच गई और सिलेंडर फटने से आग ने और भी भयावह रूप ले लिया।

घटना के समय दुकान के अंदर 5 से 6 कर्मचारी सो रहे थे। आग की भनक लगते ही सभी कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद दुकान स्वामी सुंदर और निकट स्थित अग्निशमन विभाग को तुरंत सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही तेज बारिश के बावजूद दमकल विभाग की तीन बड़ी फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

आग की लपटें तमांग मोमोज से सटी राजेश्वरी फूड्स सहित कुल तीन दुकानों तक पहुंच गईं। इसी दौरान सुबह करीब 3:36 बजे बाजार स्थित गेमिंग ज़ोन नामक बच्चों की दुकान में भी आग लगने की सूचना मिली, जिस पर भी दमकल विभाग ने समय रहते नियंत्रण पा लिया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। इस भीषण अग्निकांड में तीनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया और लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि दमकल विभाग समय पर आग पर काबू नहीं पाता तो आग पास स्थित भोटिया मार्केट और कपड़ों की दुकानों तक फैल सकती थी, जिससे पूरा बाजार बड़ी त्रासदी का शिकार हो सकता था।

अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए आग पर नियंत्रण पाया गया।

सिलेंडर फटने के कारण आग ने बेहद खतरनाक रूप ले लिया था, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल से जिला निर्वाचन कार्यालय हटाने की खबर पर भाजपा नेता अरविंद पडियार का विरोध

You missed

error: Content is protected !!