ब्रेकिंग न्यूज़

कालाढूंगी के नैनीताल रोड पर खुलने वाली शराब की दुकानों का विरोध, सड़क से तहसील तक जनता का प्रदर्शन

रिपोर्टर – नीरज तिवारी

कालाढूंगी। नैनीताल रोड पर अंग्रेजी और देशी शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में सोमवार को सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया।

महिलाओं और पुरुषों ने वार्ड नंबर 1 और 2 से विरोध मार्च निकालते हुए तहसील परिसर पहुंचकर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और दोनों शराब की दुकानों को तत्काल बंद कराने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिस स्थान पर शराब की दुकानें खोली जा रही हैं, वहां घनी आबादी है और आसपास से स्कूली बच्चे गुजरते हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि शराब की दुकानों के कारण क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है तथा महिलाओं को घर से बाहर निकलने में असुरक्षा महसूस होने लगी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब एक माह पहले ही क्षेत्र में अंग्रेजी शराब की दुकान खोली गई थी, जबकि अब उसी स्थान के पास देशी शराब की दुकान खोलने की तैयारी चल रही है। इससे लोगों में भारी नाराजगी है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि दोनों शराब की दुकानें मूल रूप से विकासखंड भीमताल के लिए आवंटित की गई थीं, लेकिन वहां विरोध होने के बाद इन्हें कोटाबाग ब्लॉक क्षेत्र में शिफ्ट कर दिया गया, जो पूरी तरह अनुचित है। लोगों ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।

जनता ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

वहीं कालाढूंगी के एसडीएम सुधीर कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और जांच के बाद ही उचित निर्णय लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें :  बनबसा सीमा पर शहीद स्मारक और झंडा पार्क का लोकार्पण, CM धामी बोले- वीर जवानों का त्याग देश की अमूल्य धरोहर

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.