ब्रेकिंग न्यूज़

करोड़ों रुपये के सोने-चांदी की सनसनीखेज चोरी को अंजाम देकर नेपाल फरार होने की फिराक में लगे एक शातिर गिरोह को  पुलिस ने उत्तराखंड सीमा के पास किया गिरफ्तार 

रामपुर। तेलंगाना में करोड़ों रुपये के सोने-चांदी की सनसनीखेज चोरी को अंजाम देकर नेपाल फरार होने की फिराक में लगे एक शातिर गिरोह को रामपुर पुलिस ने उत्तराखंड सीमा के पास धर दबोचा। पुलिस ने एक नेपाली व्यक्ति, उसकी पत्नी और साली को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब सात किलोग्राम सोना और 1.05 किलोग्राम चांदी बरामद की है। बरामद आभूषणों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, तेलंगाना पुलिस से सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में चोरी किया गया सोना लेकर कुछ आरोपी उत्तराखंड के रास्ते नेपाल भागने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर बिलासपुर थाना पुलिस ने उत्तराखंड बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक रोडवेज बस को रोककर तलाशी ली गई।

बस में सवार एक दंपति और उनकी रिश्तेदार पुलिस को देखकर घबराए हुए नजर आए। शक होने पर जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से भारी मात्रा में सोने के आभूषण और चांदी बरामद हुई। इसके बाद तीनों को हिरासत में लेकर बिलासपुर थाने लाया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान नेपाल के कैलाली जिले के मोतीपुरा थाना क्षेत्र स्थित पलिया गांव निवासी कमल, नेपाल के अछाम क्षेत्र निवासी कल्पना तथा कमल की पत्नी विमला के रूप में बताई।

1700 किलोमीटर दूर पहुंचकर भी नहीं बच सके आरोपी

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने तेलंगाना में चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे करीब 1700 किलोमीटर का सफर तय कर रामपुर तक पहुंच गए थे। उनका इरादा उत्तराखंड सीमा पार कर नेपाल में शरण लेने और चोरी का माल ठिकाने लगाने का था, लेकिन रामपुर पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें नेपाल सीमा में प्रवेश करने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल रामपुर पुलिस तेलंगाना पुलिस के संपर्क में है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ-साथ इस चोरी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में भारी बारिश का खतरा, 2 सितंबर को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.