ब्रेकिंग न्यूज़
Person in handcuffs

जंगल सफारी के बाद रिसोर्ट में हुआ हंगामा, दो पर्यटक और जिप्सी चालक गिरफ्तार

रामनगर। कॉर्बेट नेशनल पार्क घूमने आए पर्यटकों का ट्रिप उस समय मुसीबत में बदल गया, जब एक रिसोर्ट में हुए विवाद के बाद उन्हें जेल की हवा खानी पड़ गई। रिसोर्ट संचालक से मारपीट, गाली-गलौज और महिला पुलिस अधिकारी से अभद्रता के आरोप में पुलिस ने दो पर्यटकों और एक जिप्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार रामनगर के टेड़ा गांव स्थित कॉर्बेट फन रिसोर्ट में चंडीगढ़ और गाजियाबाद से आए दो पर्यटक जंगल सफारी से लौटने के बाद अपने कमरे में जिप्सी चालक के साथ मौजूद थे। रिसोर्ट संचालक मुकेश जोशी ने चालक की मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए उसका पहचान पत्र मांगा। इस दौरान कमरे में शराब और बीयर की बोतलें भी दिखाई दीं।

आरोप है कि इस बात को लेकर पर्यटक अविनाश कुमार, कोमल शर्मा और जिप्सी चालक शमशाद भड़क गए। तीनों ने रिसोर्ट संचालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह जान बचाकर संचालक ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम को भी विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महिला उपनिरीक्षक राजकुमारी के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा सरकारी कार्य में बाधा डाली। साथ ही पुलिस कर्मियों और रिसोर्ट संचालक को जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।

रिसोर्ट संचालक की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं महिला उपनिरीक्षक की शिकायत पर भी अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दोनों मुकदमों की गहन जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें :  हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर मिला ओखलकांडा के युवक का शव, क्षेत्र में शोक की लहर
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.