देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां घर में अकेले छोड़े गए 27 वर्षीय युवक का शव पांच दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ।

जानकारी के अनुसार, विद्या विहार फेज-2 निवासी दंपति अपने बेटे आकाश (27) को घर पर छोड़कर टिहरी स्थित अपने गांव गए थे। रविवार को जब मां ने बेटे से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल बंद मिला। काफी देर तक संपर्क न होने पर परिजनों को चिंता होने लगी और वे तुरंत देहरादून के लिए रवाना हो गए।

देर रात घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि आकाश का कमरा अंदर से बंद है। कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजनों ने खिड़की से अंदर झांका। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए—आकाश बेड के पास मृत अवस्था में पड़ा था।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी प्रमेंद्र शाह के अनुसार, प्रथम दृष्टया शव करीब पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का पता चल सके।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  10 नवंबर से बदलेगा पहाड़ों का मौसम! उत्तराखंड समेत तीन राज्यों में बारिश-बर्फबारी के आसार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.