उत्तराखंड में नशा मुक्ति केंद्र में गुरुवार को दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी ने खौफनाक मोड़ ले लिया। कहासुनी के बाद हुई झड़प में एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के आरोपी दो युवकों को मौके से ही हिरासत में ले लिया है। दोनों आरोपी भी इसी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती थे।

यह पूरा मामला राजधानी देहरादून के मांडूवाला क्षेत्र स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र का है। घटना की जानकारी प्रेमनगर थाना पुलिस को गुरुवार को प्राप्त हुई। सूचना थी कि कर्मा वेलफेयर सोसाइटी नामक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवकों के बीच झगड़ा हुआ है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई है। थानाध्यक्ष प्रेमनगर पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मृतक की पहचान अजय कुमार पुत्र बलजीत सिंह, निवासी हापुड़ रोड, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दो युवक — हरमनदीप सिंह (25) और गुरदीप सिंह (27), दोनों निवासी बठिंडा, पंजाब — ने मिलकर अजय की हत्या कर दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से दो दिन पहले मृतक और आरोपियों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसे केंद्र के संचालकों और अन्य लोगों ने सुलझा दिया था। लेकिन कहासुनी के दौरान मृतक द्वारा कथित तौर पर दी गई गालियों से आहत होकर, आरोपियों ने बदले की भावना से उसे मारने की योजना बनाई।

गुरुवार सुबह, जब अजय अपने कमरे में सो रहा था, तभी हरमनदीप और गुरदीप उसके कमरे में घुसे। एक आरोपी ने अजय का मुंह दबाया, जबकि दूसरे ने चम्मच जैसी नुकीली वस्तु से उसके गले और छाती पर वार किए। अजय की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी नशा मुक्ति केंद्र से भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या में प्रयुक्त वस्तु को भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस केंद्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं और संचालन प्रक्रिया की भी जांच कर रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  त्योहारी सीजन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की नैनीताल जिले में छापेमारी अभियान जारी, खाद्य पदार्थों के लिए गए सैंपल

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.