ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

पत्नी और 9 साल के बेटे की हत्या कर फरार हुआ पति, कमरे से मिले दोनों के शव

रुद्रप्रयाग। जिले के तिलवाड़ा सुमाड़ी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और नौ वर्षीय बेटे की हत्या कर दी और शवों को कमरे में बंद कर फरार हो गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब कई दिनों से बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार नेपाल निवासी दीपक बहादुर अपनी 34 वर्षीय पत्नी कमला शाही और नौ वर्षीय बेटे रोशन सिंह के साथ तिलवाड़ा सुमाड़ी स्थित विद्युत कॉलोनी के पास एक कमरे में किराए पर रहता था। पिछले कई दिनों से कमरे का दरवाजा बंद था। शुक्रवार को जब मकान मालिक वहां पहुंचे तो कमरे से तेज दुर्गंध आ रही थी। शक होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का ताला तोड़कर दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरे के भीतर महिला और उसके बेटे के शव पड़े हुए थे। पुलिस ने तुरंत दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाली निरीक्षक सुरेश चन्द्र बलूनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका के पति दीपक बहादुर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से ही वह फरार बताया जा रहा है।

पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुट गई हैं और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल बना हुआ है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें :  NEET री-एग्जाम के दौरान SSP मंजूनाथ टी.सी. का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी
error: Content is protected !!