ब्रेकिंग न्यूज़

अप्रैल से महंगी होगी बिजली, उपभोक्ताओं पर फ्यूल सरचार्ज का बढ़ा बोझ

देहरादून। उत्तराखंड में बिजली उपभोक्ताओं को अप्रैल महीने से महंगी बिजली का झटका लगने जा रहा है।

भले ही बिजली दरों में सीधे तौर पर कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन फ्यूल एंड पावर परचेज कॉस्ट एडजस्टमेंट (FPPCA) सरचार्ज लागू होने से बिजली बिल में बढ़ोतरी तय है।

नई व्यवस्था के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को अब 0.11 से 0.31 रुपये प्रति यूनिट तक अतिरिक्त भुगतान करना होगा। वहीं, दुकानों और अन्य गैर-घरेलू उपभोक्ताओं पर करीब 0.44 रुपये प्रति यूनिट का अतिरिक्त सरचार्ज लगाया गया है।

सरकारी संस्थानों के लिए भी बिजली महंगी हो गई है और उन्हें लगभग 0.41 रुपये प्रति यूनिट अतिरिक्त भुगतान करना पड़ेगा। कृषि और ट्यूबवेल उपभोक्ताओं पर 0.13 से 0.22 रुपये प्रति यूनिट तक का अतिरिक्त भार डाला गया है, जबकि उद्योगों के लिए यह बढ़ोतरी करीब 0.40 से 0.41 रुपये प्रति यूनिट तक पहुंच गई है।

इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों को भी राहत नहीं मिली है। उन्हें करीब 0.38 रुपये प्रति यूनिट तक अतिरिक्त शुल्क देना होगा। सबसे ज्यादा असर अस्थायी कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं पर पड़ा है, जहां निर्माण कार्यों के लिए लिए गए कनेक्शनों पर लगभग 0.47 रुपये प्रति यूनिट तक का सरचार्ज लागू किया गया है।

ऊर्जा विभाग के अनुसार, यह सरचार्ज बिजली खरीद और ईंधन लागत में होने वाले उतार-चढ़ाव के समायोजन के लिए लगाया जाता है, जिसका सीधा असर उपभोक्ताओं के बिजली बिल पर पड़ेगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  अंतर-महाविद्यालयी क्रॉस कंट्री में एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी का शानदार प्रदर्शन, पुरुष टीम बनी चैंपियन तो महिला टीम ने हासिल किया उपविजेता स्थान
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.