ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

पीड़िता की शिकायत पर अपहरण, दुष्कर्म व पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज, एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में एक युवती के कथित अपहरण के बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में किराये पर रहने वाली युवती शनिवार देर शाम अपने कुछ मित्रों के साथ बाइक से घूमने निकली थी। आरोप है कि भूरारानी गेट के पास एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और जबरन अपने साथ ले जाने लगे। इस दौरान एक युवक और एक युवती बाइक से कूदकर वहां से भागने में सफल हो गए, जबकि आरोपियों ने युवती और उसके एक साथी को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में साथी युवक का मोबाइल छीनकर उसे धमकाते हुए छोड़ दिया गया, जबकि युवती को कथित रूप से काशीपुर रोड स्थित भगवानपुर फ्लाईओवर के पास किसी सुनसान स्थान पर ले जाया गया।

पीड़िता का आरोप है कि वहां तीनों युवकों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इधर, किसी तरह छूटकर पहुंचे उसके साथी ने देर रात कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने युवती और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन रात में सफलता नहीं मिली।

रविवार सुबह युवती मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास घायल अवस्था में मिली। पुलिस उसे कोतवाली लाई, जहां उसने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसका जिला चिकित्सालय में मेडिकल परीक्षण कराया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पीड़िता से मुलाकात कर उसे हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया और संबंधित अधिकारियों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश जारी है।

भूरारानी गेट क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भूरारानी गेट क्षेत्र में देर रात तक शराबियों, नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में शराब का ठेका, होटल और कैन्टीन होने के कारण देर रात तक सड़क किनारे लोगों की भीड़ लगी रहती है।

कई बार पुलिस की गश्त और चालान कार्रवाई के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है। स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें :  ओखलकांडा के कालाआगर-धुरा मोटर मार्ग का मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया लोकार्पण, वर्षों पुरानी ग्रामीणों की मांग हुई पूरी

You missed

error: Content is protected !!