ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

पुलिस वाहन खराब होने का उठाया फायदा, काशीपुर बाइपास पर मचा हड़कंप; मुठभेड़ में घायल मुख्य आरोपी गुरबाज पर 19 मुकदमे दर्ज

रुद्रपुर। भूरारानी रोड से युवती के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार दो आरोपितों ने मंगलवार को घटनास्थल का निरीक्षण कराने के बाद पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया।

हालांकि पुलिस की सतर्कता और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों को कुछ ही दूरी पर दबोच लिया गया। इस दौरान पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग किया, जबकि आक्रोशित भीड़ ने भी आरोपितों की पिटाई कर दी। बाद में दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को आरोपित जोगा सिंह और रविंदर को घटनास्थल का निरीक्षण कराने और साक्ष्य संकलन के लिए ले जाया गया था। निरीक्षण के बाद पुलिस टीम उन्हें वापस कोतवाली ला रही थी। इसी दौरान काशीपुर बाइपास रोड पर पुलिस का वाहन खराब हो गया। पुलिसकर्मी दोनों आरोपितों को दूसरे वाहन में शिफ्ट कर रहे थे, तभी उन्होंने मौके का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की।

आरोपितों को भागता देख पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीछा किया और कुछ दूरी पर दोनों को पकड़ लिया। इस दौरान पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए उन्हें काबू किया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और गुस्साए लोगों ने दोनों आरोपितों की पिटाई शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख कोतवाल प्रकाश दानू, एसएसआई खुशवंत सिंह, एसआई प्रदीप कुमार, एसआई प्रदीप पंत, एसआई पंकज कुमार, एसआई निर्मल सिंह समेत अन्य अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपितों को भीड़ से छुड़ाया और कड़ी सुरक्षा के बीच कोतवाली ले आई।

शनिवार रात हुआ था अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात एक युवती अपनी सहेली और दो युवकों के साथ भूरारानी रोड पर गई थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने युवती का अपहरण कर उसे गदरपुर थाना क्षेत्र में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया था। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी गुरबाज सिंह के पैर में गोली लगी थी।

मुठभेड़ में दोनों ओर से चली 10 राउंड गोलियां

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में दोनों ओर से कुल 10 राउंड फायरिंग हुई। इनमें पांच फायर आरोपितों की ओर से किए गए। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी गुरबाज सिंह के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले जिला अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन तमंचे, चार कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 25 जुलाई की रात वे डिबडिबा क्षेत्र में शराब पीने के बाद गदरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धर्मपुर फ्लाईओवर के पास उन्हें युवती और उसके साथी मिले, जिन्हें उन्होंने डरा-धमकाकर अपने साथ ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।

मुख्य आरोपी पर 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मुठभेड़ में घायल मुख्य आरोपी गुरबाज सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें रुद्रपुर में दो, गदरपुर में आठ, दिनेशपुर में तीन, बाजपुर में एक, नानकमत्ता में तीन तथा रामपुर जनपद के मिलक खानम थाना क्षेत्र में दो मुकदमे शामिल हैं। वहीं, उसके दोनों साथियों जोगा सिंह और रविंदर का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।

एसएसपी ने क्या कहा

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि घटनास्थल निरीक्षण के बाद पुलिस टीम दोनों आरोपितों को कोतवाली ला रही थी। काशीपुर बाइपास पर जाम और पुलिस वाहन खराब होने के कारण उन्हें दूसरे वाहन में बैठाया जा रहा था। इसी दौरान दोनों आरोपित भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और आवश्यक बल प्रयोग करते हुए सुरक्षित कोतवाली लाया गया। बाद में दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : नशे में धुत कार चालक ने महिला से दुकान में की छेड़छाड़, लोगों ने की जमकर धुनाई, एक आरोपी गिरफ्तार एक फरार

You missed

error: Content is protected !!