ब्रेकिंग न्यूज़

कालाढूंगी के चकलुवा में विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस और श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विशाल शोभायात्रा का हुआ आयोजन

रिपोर्टर – नीरज तिवारी

कालाढूंगी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर और विश्व हिंदू परिषद के 64वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कालाढूंगी क्षेत्र के चकलुवा स्थित रामलीला मैदान में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की ओर से विशाल जनसभा और भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया।

धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकजुटता के बीच आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। आयोजकों के अनुसार शोभायात्रा में 5 हजार से अधिक सनातन समाज के लोगों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में कासगंज, उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय कवयित्री समीक्षा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र प्रमुख यशपाल सिंह, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, राज्यमंत्री सुरेश भट्ट सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

किन्नर समाज और प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए क्षेत्र के किन्नर समाज के सदस्यों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शिक्षा और प्रतिभा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना आवश्यक है।

रामलीला मैदान से शुरू हुई 13वीं शोभायात्रा

जनसभा के बाद परंपरागत रूप से आयोजित 13वीं शोभायात्रा का शुभारंभ चकलुवा के रामलीला मैदान से हुआ। शोभायात्रा चकलुवा से निकलकर कालाढूंगी बाजार पहुंची और इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों से होते हुए पुनः चकलुवा स्थित रामलीला मैदान पहुंची। यहां शोभायात्रा का समापन भंडारे के साथ किया गया।

शोभायात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी शामिल रहे। धार्मिक जयघोष और उत्साह के बीच निकली शोभायात्रा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा और सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए।

समीक्षा सिंह ने सनातन समाज से एकजुट रहने का किया आह्वान

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कवयित्री समीक्षा सिंह ने अपने संबोधन में सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और सामाजिक एकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सनातनी को अपने धर्म और संस्कृति के प्रति जागरूक रहते हुए उसके संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने जातिगत राजनीति से ऊपर उठकर हिंदू समाज से एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज और परिवार से ही संस्कारों की शुरुआत होती है तथा बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों की जानकारी देना आवश्यक है।

समीक्षा सिंह ने महिलाओं और युवतियों से सोशल मीडिया का सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने युवाओं को सामाजिक परिस्थितियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति या गतिविधि को लेकर जल्दबाजी में कदम उठाने के बजाय सावधानी और समझदारी से काम लेना चाहिए।

उन्होंने आतंकवादी संगठनों को लेकर भी कड़ा संदेश दिया और कहा कि देश की सुरक्षा और एकता को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश का समाज को एकजुट होकर मुकाबला करना चाहिए।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी रहे मौजूद

कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री गिरीश पडलिया सहित गुडू चौहान, तेजू दिगारी, कुंदन बसेरा, पूरन मेहरा, रमेश जोशी, आनंद जोशी, कमलेश कन्याल, शिवराज खाती, चंद्र मोहन जोशी, पंकज सैनी, मनोज पांडे, कपिल सती, अर्जुन सिंह मेहता, तारा चंद्र जोशी ‘तरदा’, मन्नू मेहरा, दीपू बुढलाकोटी, लाल सिंह मेहरा, पप्पू जोशी, मुदित कुमटिया, दीपक सैनी, संदीप लाल, नीरज तिवारी, ललिता बिष्ट, कविता कुंवर, ज्योति चुफाल, दुर्गा कनवाल, लता दिगारी, पुष्पा जोशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

आयोजन के दौरान जन्माष्टमी के धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक एकता, संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया।

यह भी पढ़ें :  चित्राशिला धाम के शनि मंदिर पर विवाद गहराया, पहाड़ी आर्मी के आरोपों पर मंदिर प्रबंधन ने दी सफाई; प्रशासनिक जांच की मांग तेज

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.