रामगढ़/नैनीताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड रामगढ़ के नैकाना स्थित हनुमान मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य झांकी निकाली गई। झांकी में राज्य आंदोलनकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरीश पनेरू ने शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र कृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
हनुमान मंदिर से शुरू हुई झांकी में भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का सुंदर मंचन किया गया। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। झांकी में शामिल हरीश पनेरू भी कृष्ण भक्ति में पूरी तरह रंगे नजर आए। वे भगवान श्रीकृष्ण के भजनों पर झूमते हुए श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाते दिखाई दिए।
झांकी में क्षेत्र की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। महिलाएं भगवान श्रीकृष्ण के भजनों पर झूमते हुए भक्ति में लीन नजर आईं। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं और श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने झांकी की शोभा को और बढ़ा दिया। जगह-जगह लोगों ने झांकी का स्वागत किया और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर हरीश पनेरू ने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य, कर्म और सद्भावना के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी जैसे धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के साथ ही समाज में आपसी भाईचारे और एकता का संदेश भी देते हैं।
नैकाना में निकली इस भव्य झांकी के दौरान उमड़ा उत्साह और आस्था क्षेत्र की समृद्ध पहाड़ी लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता की सुंदर झलक प्रस्तुत कर रही थी।
भजन-कीर्तन और कृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। स्थानीय लोगों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ झांकी में भाग लिया।




