नितिन नबीन के दौरे में प्रदर्शन करने पर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक को गिरफ़्तार करके कालाढूंगी कोतवाली में रखा
रिपोर्टर : नीरज तिवारी
कालाढूंगी। हल्द्वानी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के कार्यक्रम से पहले युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतर आए। इस दौरान पुलिस ने विशाल भोजक सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक और उनके साथियों को कालाढूंगी कोतवाली लाया गया। खबर लिखे जाने तक विशाल भोजक और उनके समर्थक कोतवाली परिसर में ही पुलिस हिरासत में थे।
हिरासत में लिए जाने के बाद युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा की कथित दलित विरोधी मानसिकता के विरोध में शांतिपूर्वक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को संविधान की एक प्रति भेंट करने जा रहे थे।
विशाल भोजक ने कहा कि उनका उद्देश्य भाजपा नेतृत्व को यह संदेश देना था कि देश संविधान के अनुसार चलता है और आगे भी संविधान के सिद्धांतों के अनुरूप ही चलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए भाजपा सरकार ने पुलिस प्रशासन का इस्तेमाल किया और बलपूर्वक उन्हें तथा उनके साथियों को हिरासत में ले लिया।
युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने के अधिकार को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि युवा कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज लगातार उठाती रहेगी।
मामले को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी देखी गई। पार्टी नेताओं का कहना है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम से पहले युवा कांग्रेस द्वारा संविधान के मुद्दे को लेकर विरोध दर्ज कराया जा रहा था, लेकिन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया गया।
फिलहाल खबर लिखे जाने तक विशाल सिंह भोजक और उनके साथियों को कालाढूंगी कोतवाली में पुलिस हिरासत में रखा गया था। आगे पुलिस की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।




