नैनीताल। डीएसबी परिसर में बीएससी प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, मानसिक स्वास्थ्य और एंटी रैगिंग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वनस्पति विज्ञान विभाग में आयोजित कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रोफेसर ललित तिवारी ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति शपथ, मानसिक स्वास्थ्य शपथ तथा एंटी रैगिंग शपथ दिलाई।
इस अवसर पर प्रोफेसर ललित तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य भी जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वस्थ और सकारात्मक सोच रखने वाला युवा ही अपने व्यक्तित्व का समुचित विकास करते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकता है।
प्रोफेसर तिवारी ने कहा कि शैक्षणिक परिसरों में रैगिंग जैसी गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। प्रत्येक विद्यार्थी की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं भी रैगिंग से दूर रहे और परिसर में ऐसी किसी भी गतिविधि को बढ़ावा न मिलने दे। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, स्वस्थ और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना केवल प्रशासन या शिक्षकों की नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए युवाओं को शुरुआत स्वयं से करनी होगी। नशे से दूर रहकर, मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर और अनुशासित जीवन अपनाकर ही मजबूत व्यक्तित्व का निर्माण किया जा सकता है। ऐसे मजबूत और जागरूक व्यक्तित्व ही भविष्य में देश और समाज को नई दिशा देने में सक्षम होंगे।
कार्यक्रम में प्रोफेसर सुषमा टम्टा, प्रोफेसर नीलू लोधियाल, डॉ. हिमानी कार्की, जगदीश पपने, संतोष कुमार, मोहित खाती, राधा बिष्ट, सौम्या सहित बड़ी संख्या में बीएससी प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशा मुक्त, मानसिक रूप से स्वस्थ और रैगिंग मुक्त परिसर के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।




